बुजुर्ग के लिए राहत बनी बायपास सर्जरी, पांच घंटे में पूरा हुआ ऑपरेशन
"पांच घंटे की सर्जरी के बाद बुजुर्ग को मिली नई जिंदगी की उम्मीद"
जयपुर: सीने में तेज दर्द और सांस फूलने की समस्या से चार साल से परेशान बिहार निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग को जयपुर के एसआरके ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स में उपचार मिला। अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार हृदय एवं वक्ष शल्य चिकित्सक (सीटीवीएस) डॉ. गौरव गोयल ने मरीज की जटिल बायपास सर्जरी की। करीब पांच घंटे चले ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ और कुछ दिन निगरानी में रखने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉ. गौरव गोयल ने बताया कि मरीज ने कई जगह उपचार कराया, लेकिन उसे राहत नहीं मिली। इसके बाद परिजन उसे जयपुर लेकर आए। जांच में हृदय की धमनियों में कोलेस्ट्रॉलयुक्त जमाव के कारण रक्त प्रवाह बाधित होने की बात सामने आई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोरोनरी आर्टरी बायपास ग्राफ्टिंग (सीएबीजी) के साथ एथेरेक्टॉमी प्रक्रिया करने का निर्णय लिया गया।
डॉ. गोयल के अनुसार, करीब पांच घंटे चले जटिल ऑपरेशन में हृदय की धमनियों में रक्त प्रवाह बाधित कर रहे जमाव को हटाने की प्रक्रिया की गई और बायपास सर्जरी की गई। ऑपरेशन सफल रहा। अस्पताल में कुछ दिन निगरानी के बाद मरीज को छुट्टी दे दी गई। अस्पताल के मुताबिक, फॉलोअप में मरीज की स्थिति संतोषजनक रही।
डॉ. गोयल ने कहा कि सीने में दर्द और सांस फूलने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना जरूरी है, ताकि हृदय रोग की पहचान कर उचित उपचार किया जा सके।