BHILWARHA भीलवाड़ा  । बाल कलाकार तक्षवी सोडानी, समाजसेवी गोविंद सोडानी की पौत्री, की नई देशभक्ति प्रस्तुति ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ (संघ प्रार्थना) बुधवार को यूट्यूब पर जारी की गई। मातृभूमि के प्रति समर्पण, श्रद्धा और राष्ट्रभाव को अभिव्यक्त करती इस प्रस्तुति की शूटिंग भीलवाड़ा जिले की गंगापुर तहसील के महेंद्रगढ़ गांव स्थित ऐतिहासिक गढ़ एवं महेंद्रगढ़ तालाब क्षेत्र में की गई है। म्यूजिक वीडियो का निर्देशन राम माली ने किया है, जबकि संगीत संयोजन निक सिंह ने किया है। वीडियो की फोटोग्राफी तुषार भूलिया ने की है। प्रस्तुति में महेंद्रगढ़ के ऐतिहासिक गढ़ और तालाब के प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक परिवेश को प्रमुखता से दर्शाया गया है, जो देशभक्ति के भाव को और प्रभावशाली बनाता है। तक्षवी सोडानी कम उम्र से ही देशभक्ति एवं आध्यात्मिक विषयों पर विभिन्न प्रस्तुतियां देती आ रही हैं। इससे पूर्व उनकी ‘जब जीरो दिया मेरे भारत ने’, ‘वेदसार शिव स्तोत्र’, ‘रुद्राष्टकम’ और ‘हनुमान चालीसा’ सहित कई प्रस्तुतियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी हो चुकी हैं। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला और बड़ी संख्या में व्यूज भी प्राप्त हुए हैं। तक्षवी को समय-समय पर अनेक संतों एवं आध्यात्मिक विभूतियों का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। इनमें योगगुरु बाबा रामदेव, पं. प्रदीप मिश्रा, स्वामी गोविंद देव गिरि सहित अनेक संत शामिल हैं। हाल ही में मई माह में तक्षवी को राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी तथा शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से भी प्रोत्साहन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जारी की गई इस नई प्रस्तुति के माध्यम से तक्षवी ने संगीत और दृश्यों के माध्यम से मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक परिवेश में फिल्माई गई यह प्रस्तुति दर्शकों को देशप्रेम और मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश देती है।

Tags: