जेडीए और गौतम विहार कॉलोनी पहुंचीं दीया कुमारी, छठी मैया से मांगी खुशहाली
छठ पूजा में शामिल हुईं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, सूर्य उपासना कर व्रतियों का बढ़ाया उत्साह
जयपुर: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने रविवार को जेडीए कॉलोनी और गौतम विहार कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
दोनों कॉलोनियों में छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार व्रतियों ने सूर्यदेव की उपासना की और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
सनातन संस्कृति और लोक परंपराओं का प्रतीक है छठ
इस अवसर पर दीया कुमारी ने कहा कि छठ महापर्व समृद्ध सनातन संस्कृति, अटूट आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और लोक परंपराओं का अनुपम प्रतीक है। यह पर्व श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा में प्रकृति और सूर्यदेव की उपासना का विशेष महत्व है। यह पर्व लोगों को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ सामूहिक सहभागिता और आपसी सौहार्द की भावना को भी मजबूत करता है।
श्रद्धालुओं के लिए की सुख-समृद्धि की कामना
उपमुख्यमंत्री ने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने माताओं-बहनों और सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जेडीए कॉलोनी और गौतम विहार कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रमों में पारंपरिक पूजा-पद्धति के अनुसार सूर्य उपासना और छठी मैया की आराधना की गई। दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं की भागीदारी और उत्साह के बीच छठ महापर्व मनाया गया।