जयपुर में JDA का बड़ा एक्शन, 70 मकान-दुकानों पर चला बुलडोजर
शादी वाले घर के बाहर चला JDA का बुलडोजर, सजावट और गेट हटाए
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर बुधवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। हाईकोर्ट के आदेश के बाद गुर्जर की थड़ी के पास मेट्रो पिलर नंबर 84 से सोडाला तिराहे की दिशा में लगभग 800 मीटर क्षेत्र में 60 से 70 मकान-दुकानों सहित अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जमकर विरोध किया।
जेडीए ने कार्रवाई के लिए चार प्रवर्तन टीमों का गठन किया था। करीब आठ घंटे चले अभियान में सड़क की 100 फीट निर्धारित सीमा में आने वाले होटल, मैरिज गार्डन, अस्पताल, मकानों और दुकानों के रैंप, रेलिंग, टीनशेड, सीढ़ियां, बाउंड्री वॉल तथा आगे के हिस्सों को तोड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान होटल लजीज के सामने का हिस्सा भी ध्वस्त किया गया। वहीं कलकत्ता मैरिज गार्डन में शादी की तैयारियां चल रही थीं और जोधपुर से बारात आने वाली थी। इसी बीच जेडीए ने अतिक्रमण हटाने के दौरान सजावट और डेकोरेशन गेट भी हटा दिए, जिससे परिवार के सदस्य दुखी नजर आए।
अतिक्रमण हटाने के दौरान कई जगह तनावपूर्ण स्थिति बन गई। व्यापारियों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। मकानों के हिस्से टूटते देखकर कुछ महिलाएं भावुक हो गईं।
मेट्रो पिलर नंबर 101 के सामने एक भवन का हिस्सा तोड़ने पहुंची टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा। एक महिला पहली मंजिल पर खड़ी हो गई, जबकि परिजनों ने अधिकारियों से निर्माण स्वयं हटाने के लिए अतिरिक्त समय मांगा।
इसी तरह पिलर नंबर 89 के सामने एक भवन में मौजूद बुजुर्ग महिला और उनके परिवार ने नीचे उतरने से इनकार कर दिया। परिजनों ने महिला के बीमार होने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने सभी को नीचे उतारकर कार्रवाई पूरी कराई।
उप महानिरीक्षक पुलिस आनन्द शर्मा ने बताया कि सड़क सीमा में बने अवैध निर्माणों को जेसीबी, लोडर मशीनों और मजदूरों की सहायता से हटाया गया।
यह जेडीए के अभियान का दूसरा चरण था। इससे पहले पांच अक्टूबर को गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार तक लगभग 700 मीटर क्षेत्र में 70 से 80 मकान-दुकानों से अतिक्रमण हटाया गया था।
जानकारी के अनुसार, गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक करीब 2.4 किलोमीटर सड़क क्षेत्र में कुल 260 अवैध निर्माण हटाए जाने हैं। निर्धारित 100 फीट चौड़ी सड़क कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण केवल 40 से 60 फीट तक रह गई है।