कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में डाक विभाग से जुड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। घाटमपुर उपडाकघर में मृत दंपति के संयुक्त बचत खाते से कथित तौर पर 7 लाख 13 हजार रुपये की अवैध निकासी के मामले में पुलिस ने डाक विभाग के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने खाताधारकों की मृत्यु के बाद उनके खाते में दूसरी योजनाओं की परिपक्वता राशि स्थानांतरित की और फिर रकम निकालकर गबन किया। पुलिस ने दोनों को घाटमपुर कस्बे की पोस्ट ऑफिस वाली गली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि घाटमपुर उपडाकघर में ग्राहकों की जमा धनराशि के गबन और फर्जीवाड़े से संबंधित मामलों की जांच की जा रही है। इसी जांच के दौरान मृत दंपति के संयुक्त बचत खाते से 7.13 लाख रुपये की धोखाधड़ीपूर्वक निकासी का मामला सामने आया। विभागीय जांच रिपोर्ट और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर दो कर्मचारियों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले की शिकायत घाटमपुर निवासी आकांक्षा चौरसिया ने की थी। उन्होंने अपने माता-पिता जितेंद्र चौरसिया और अर्चना चौरसिया की मृत्यु के बाद उनके संयुक्त बचत खाते से रुपये निकाले जाने की जानकारी पुलिस को दी थी। दोनों का घाटमपुर उपडाकघर में संयुक्त बचत खाता था।

जांच में सामने आया कि जितेंद्र चौरसिया की मृत्यु 31 अक्टूबर 2021 को हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी अर्चना चौरसिया का निधन 7 अक्टूबर 2024 को हुआ था। दोनों खाताधारकों की मृत्यु के बाद भी उनके संयुक्त खाते से वर्ष 2025 में दो बार बड़ी रकम निकाली गई।

पुलिस के मुताबिक, पहली निकासी 23 जनवरी 2025 को हुई, जब खाते से 4 लाख 15 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद 28 मई 2025 को दूसरी बार 2 लाख 98 हजार रुपये की निकासी की गई। इस तरह दोनों लेनदेन के जरिए कुल 7 लाख 13 हजार रुपये खाते से निकाले गए।

यूजर आईडी और सुपरवाइजरी लॉगिन से हुआ लेनदेन

विभागीय जांच और बैंकिंग रिकॉर्ड की पड़ताल में पहली निकासी में डाक कर्मचारियों की भूमिका सामने आई। जांच के अनुसार, 23 जनवरी 2025 को निकाली गई 4 लाख 15 हजार रुपये की रकम तत्कालीन डाक सहायक शिवम सचान ने अपनी यूजर आईडी से निकाली थी। इस लेनदेन को राकेश कुमार मिश्रा ने अपनी सुपरवाइजरी यूजर आईडी के माध्यम से सत्यापित किया था।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों कर्मचारी उपडाकघर में अपने पद और अधिकारों का कथित रूप से दुरुपयोग कर रहे थे। आरोप है कि वे मृत खाताधारकों के खातों में दूसरी एमआईएस (मासिक आय योजना) खातों की परिपक्वता राशि स्थानांतरित करते थे। इसके बाद संबंधित रकम की अवैध निकासी कर गबन किया जाता था।

पुलिस ने इस मामले में शिवम सचान निवासी ग्राम बिजली, थाना चौदपुर, जिला फतेहपुर और राकेश कुमार मिश्रा निवासी कृष्णा विहार, नौबस्ता, कानपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों को घाटमपुर कस्बे में पोस्ट ऑफिस वाली गली से पकड़ा गया।

अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे फर्जीवाड़े में अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस बैंकिंग लेनदेन, विभागीय रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि मृत खाताधारकों के खाते से रकम निकालने की प्रक्रिया में और कौन-कौन शामिल था तथा इस तरह की अन्य अनियमितताएं भी हुई हैं या नहीं।

Tags: