चंदौली। आमतौर पर जन्मदिन पर केक इंसानों के लिए कटता है, मोमबत्तियां बुझाई जाती हैं और बधाइयों का दौर चलता है। लेकिन मुगलसराय में एक जन्मदिन ऐसा भी रहा, जहां न कोई इंसानी जन्मदिन था और न ही कोई आम मेहमान। यहां जन्मदिन की सबसे खास मेहमान थी एक बछिया, जिसका नाम है ‘मुनिया’। उसके पहले जन्मदिन पर परिवार ने ऐसा आयोजन किया कि देखने वाले भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके।
मुगलसराय नगर के वार्ड नंबर 12 स्थित चंधासी कुशवाहा बस्ती में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक देवीदयाल सिंह के आवास पर मुनिया के जन्मदिन की पूरी तैयारी की गई। मुनिया को तिलक लगाया गया, फूलों की माला पहनाई गई और फिर मोमबत्तियां जलाकर केक काटा गया। इतना ही नहीं, उस पर पुष्पवर्षा भी हुई। परिवार के सदस्यों और बच्चों ने उसे फलाहार कराया और खूब दुलार किया।
जहां आमतौर पर परिवार के लोग जन्मदिन पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं, वहीं यहां पूरा परिवार अपनी बेजुबान सदस्य के लिए खुशियां बांट रहा था।
Tags: