युवक की गोली मारकर हत्या से सनसनी, दोस्त की हालत गंभीर
फायरिंग से दहला विसाना, युवक की हत्या, दोस्त गंभीर घायल
हाथरस: चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव विसाना में बुधवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। घर के बाहर अपने दोस्त के साथ खड़े 22 वर्षीय युवक पर गांव के ही आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव विसाना निवासी मानवेन्द्र सिंह (22) पुत्र स्वर्गीय राजकुमार चौहान बुधवार की रात अपने दोस्त समीर के साथ घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव के ही छह से सात लोग हाथों में हथियार लेकर वहां पहुंच गए और मानवेन्द्र को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों की ओर से चलाई गई कई गोलियां मानवेन्द्र को लगीं। एक गोली पीठ से होते हुए पेट में जा घुसी, जबकि दूसरी गोली पैर में लगी। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गोलियां लगने से मानवेन्द्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसका दोस्त समीर भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने मानवेन्द्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में समीर को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि मृतक मानवेन्द्र के परिवार की गांव के कुछ लोगों से पिछले करीब पांच वर्षों से रंजिश चली आ रही थी। करीब पांच साल पहले 18 मई को मानवेन्द्र के पिता राजकुमार चौहान का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस उन्हें पकड़कर ले गई थी। पुलिस हिरासत के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने से मौत हो। गई थी। इस घटना को लेकर काफी हंगामा हुआ था और तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक समेत कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसी घटना के बाद से परिवार और गांव के कुछ लोगों के बीच तनाव और रंजिश बढ़ती चली गई।
बुधवार रात हुई इस खूनी वारदात ने एक बार फिर गांव में पुराने विवाद को लेकर तनाव पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही आराेपियाें काे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।