Religious भेष में ठगी का आरोप, विरोध करने पर कार तोड़ने की कोशिश का दावा

Update: 2026-07-09 14:00 GMT

Noida नोएडा :  बॉटनिकल गार्डन क्षेत्र में गुरुद्वारे के नाम पर कथित रूप से चंदा मांगने और विरोध करने पर हमला करने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं व्यापारी नेता विकास जैन ने इस संबंध में बॉटनिकल गार्डन पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ लोग धार्मिक भेषभूषा का सहारा लेकर राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बना रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, बॉटनिकल गार्डन इलाके में पांच युवकों का एक गिरोह सक्रिय है। आरोप है कि ये युवक सिख वेशभूषा में लोगों को रोकते हैं और गुरुद्वारे के नाम पर चंदा मांगते हैं। बताया गया कि उनके पास रसीद बुक भी होती है, जिसे दिखाकर वे लोगों से रुपये देने का दबाव बनाते हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कई बार ये युवक धार्मिक तस्वीरें दिखाकर भविष्य बताने या अन्य बातों का झांसा देकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं।

विकास जैन ने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह बॉटनिकल गार्डन के पास से गुजर रहे थे, तभी कुछ युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि जब उन्होंने रुपये देने से इनकार किया तो युवकों ने उनके साथ विवाद शुरू कर दिया और उनकी कार पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने वाहन के शीशे तोड़ने का प्रयास किया। किसी तरह वह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।

घटना के बाद व्यापारी नेता विकास जैन बॉटनिकल गार्डन पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि धार्मिक आस्था का गलत इस्तेमाल कर लोगों से पैसे ऐंठने और डर का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय ऐसे लोगों की पहचान कर जांच की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है।

विकास जैन ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति धार्मिक संस्था या किसी अन्य बहाने से जबरन चंदा मांगता है या वाहन रोककर परेशान करता है तो लोग सावधानी बरतें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान जरूरी है, लेकिन इसकी आड़ में किसी भी तरह की धोखाधड़ी या दबाव बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News