मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र में पुलिस की सुस्ती एक 12 साल के मासूम की जान पर भारी पड़ गई। फिरौती के लालच में गांव के ही हिस्ट्रीशीटर ने बालक का अपहरण कर लिया और उसी शाम गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अगले दिन तक सिर्फ अपहरण की धारा में मुकदमा लिखकर बैठी रही, जबकि हत्यारा जंगल में शव ठिकाने लगाने की फिराक में था।
मृतक की पहचान प्रिंस बिंद (12 वर्ष) पुत्र केशव बिंद निवासी सेमरी, विंध्याचल के रूप में हुई है।
बाइक चलाने के बहाने ले गया था दरिंदा
पुलिस के मुताबिक आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र पुत्र मताम्बर निवासी परसिया कामापुर ने 9 नवंबर को शाम 4 बजे बच्चे को बाइक चलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। फिर पैसे के लिए अपहरण कर लिया और उसी दिन शाम 6:30 बजे कुशियरा जंगल में गला दबाकर मार डाला और शव वहीं छिपा दिया।
पिता केशव बिंद ने 10 नवंबर को विंध्याचल थाने में अपहरण की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मु.अ.सं. 313/2026 धारा 137(2) BNS में केस दर्ज कर लिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने तुरंत तलाश शुरू नहीं की।
शव छिपाने जा रहा था, मुठभेड़ में धराया
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए 3 टीमें बनाईं। आज सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लालगंज की तरफ से आ रहा है। विंध्याचल पुलिस ने गैपुरा-विजयपुर से लालगंज रोड पर घेराबंदी की।
पुलिस को देख आरोपी बाइक छोड़ कुशियरा जंगल में भागा और पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और वह गिरफ्तार हो गया। उसके पास से .315 बोर का तमंचा, 2 खोखा, 1 जिंदा कारतूस और स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई।
पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर लालगंज क्षेत्र के कुशियरा जंगल से बच्चे का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
17 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर निकला हत्यारा
पकड़ा गया पिंटू कोई नया अपराधी नहीं है। उस पर हत्या, लूट, गैंगस्टर, NDPS और आर्म्स एक्ट सहित 17 मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी हत्या और अपहरण के मामलों में जेल जा चुका है।
बड़ा सवाल: क्या बच सकता था प्रिंस?
स्थानीय लोगों में आक्रोश है। कहना है कि अगर पुलिस ने 9 तारीख की शाम को ही सक्रियता दिखाई होती तो शायद प्रिंस जिंदा होता। पुलिस ने अपहरण के बाद 24 घंटे गंवा दिए।, फिलहाल घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और लालगंज थाने में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags: