यूपी चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा अभियान, गोरखपुर से आगाज करेंगे सीएम योगी
सीएम योगी का दो दिवसीय गोरखपुर दौरा
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर में जनचौपाल के माध्यम से जनता से सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। जनचौपाल के माध्यम से लोगों को अपनी शिकायतें और मांगें सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर गोरखपुर में तैयारियां की जा रही हैं। जनचौपाल का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को जानना और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाना है।
टाउनहॉल मैदान में दोपहर दो बजे होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर दो बजे कचहरी स्थित टाउनहॉल मैदान में जनचौपाल को संबोधित करेंगे। गोरखपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के दीनदयाल नगर मंडल के अंतर्गत माया बाजार शक्ति केंद्र में आयोजित होने वाली इस जनचौपाल में करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री जनता की समस्याएं सुनेंगे।
यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर होगी जनचौपाल
वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जनचौपाल आयोजित करने की रणनीति तैयार की है। इस प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से करेंगे। भाजपा इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों के साथ सीधे संपर्क बढ़ाने और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की तैयारी में है। जनचौपाल में स्थानीय नागरिकों के साथ पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
भाजपा कार्यालय में हुई तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शनिवार को बेनीगंज स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जनचौपाल की तैयारियों पर चर्चा करते हुए मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों और बूथ प्रभारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनचौपाल आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
20 नवंबर को विद्यार्थियों को टैबलेट देंगे मुख्यमंत्री
गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन 20 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विद्यार्थियों के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे।