प्यार में अंधी बेटी ने रची मां की हत्या की साजिश, प्रेमी ने ईंट से सिर कुचलकर मार डाला
इलाके में फैली सनसनी.
कौशाम्बी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है. जिस मां ने बेटी को जन्म दिया, पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटी ने अपने प्यार को पाने के लिए मां की हत्या की साजिश रच डाली. बेटी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन मां इस रिश्ते के खिलाफ थी. मां का विरोध प्रेमी जोड़े को इतना नागवार गुजरा कि उसे रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना लिया. घर के सभी सदस्य मेले में गए और पीछे से प्रेमी घर में दाखिल हुआ. फिर ईंट से सिर कूचकर मां को मौत के घाट उतार दिया.
पुलिस ने प्रेमी और मृतका की बेटी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट, खून से सने कपड़े, जूते और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. मामला कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव का है. 20 नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि घर के अंदर 50 वर्षीय एक महिला राजमति की हत्या कर दी गई है.
सूचना मिलते ही एसपी सत्यनारायण समेत पुलिस के आला अधिकारी डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस की तीन टीमें खुलासे के लिए लगाई गईं.पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर दिलीप कुमार सरोज और मृतका की बेटी शैलजा देवी उर्फ विद्या को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
इस दौरान सामने आया है कि महिला की जो सबसे छोटी बेटी है शैलजा देवी उर्फ विद्या, उसका अपनी ही बड़ी बहन के देवर के साथ प्रेम संबंध चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे. लेकिन शैलजा की मां राजमति इस रिश्ते के खिलाफ थी. इसी विरोध के चलते मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.
20 नवंबर को शैलजा ने दिलीप को फोन कर बताया कि शाम को परिवार के सभी लोग मेला देखने जाएंगे और घर पर उसकी मां अकेली रहेगी. इसी मौके का फायदा उठाकर दिलीप घर पहुंचा और महिला के सिर पर ईंट के टुकड़े से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने ईंट तालाब के किनारे फेंक दी और अपने कपड़े व जूते साफ कर मेला पहुंच गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
पुलिस ने आरोपी दिलीप को तिलैया टिकुर पुल के पास से गिरफ्तार किया, जबकि शैलजा को उसके घर से दबोच लिया. दिलीप की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा, खून लगे कपड़े, जूते और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
एडिशनल एसपी अमिता सिंह ने बताया कि महिला की सिर कूचकर हत्या की गई थी. महिला की बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी का प्रेमी उसकी बड़ी बहन का देवर है.