बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार रात दुर्गा मंदिर के बाहर वीडियो देख रहे ग्रामीणों को एक कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।
घटना देहात क्षेत्र की चरनगहिया बेलहा ग्राम पंचायत में रात करीब 11 बजे हुई। आरती समाप्त होने के बाद ग्रामीण सड़क किनारे पर्दे पर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान गौरा चौराहा की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर टेंट का हिस्सा तोड़ते हुए लोगों पर चढ़ गई।
मृतकों की पहचान पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) के रूप में हुई है। घायलों में छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) शामिल हैं। दो घायलों को गंभीर हालत में बहराइच रेफर किया गया है।
सीओ अभिषेक सिंह के अनुसार, चालक के नशे में होने की आशंका है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद होगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।
Tags: