बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित मारपीट और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि बातचीत बंद करने के बाद एक युवक लगातार युवती का पीछा कर रहा था। युवती अपने बीमार बाबा को देखने के लिए हैदरगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंच गया और कथित तौर पर युवती के बाल पकड़कर उसे कई थप्पड़ जड़ दिए। घटना के समय युवती के पिता और परिवार की महिलाएं भी अस्पताल में मौजूद थीं। मारपीट और धमकी की घटना से आहत पिता अपनी बेटी को लेकर सोमवार शाम हैदरगढ़ थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी दूसरे राज्य के एक बड़े शहर में रहकर पढ़ाई कर रही है। उसी शहर में हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक भी पढ़ाई करता है। युवती के मुताबिक, पहले दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन करीब दो साल पहले उसने युवक से बातचीत बंद कर दी। आरोप है कि इसके बाद भी युवक ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा और पिछले कई महीनों से वह कथित तौर पर युवती को परेशान कर रहा है।
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि युवक उस पर जबरन प्रेम संबंध बनाए रखने का दबाव डालता है। बातचीत बंद करने के बावजूद वह लगातार संपर्क करने और परेशान करने की कोशिश करता रहा। युवती का आरोप है कि युवक ने उसकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील तरीके से तैयार किया और कथित तौर पर सोशल मीडिया पर वायरल करता रहा। युवती के अनुसार, वह अपनी पढ़ाई पूरी करने और भविष्य के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहती थी, इसलिए उसने लंबे समय तक इन घटनाओं को सहन किया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके बाबा की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने के बाद वह अपने गांव आई थी। मंगलवार की शाम वह अपने बाबा को देखने के लिए हैदरगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंची। उसके साथ पिता और परिवार की महिलाएं भी थीं। आरोप है कि इसी दौरान युवक अचानक अस्पताल पहुंच गया। उसने पीछे से युवती के बाल पकड़ लिए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवती के मुताबिक, आरोपी ने उसे कई थप्पड़ मारे। परिजनों के सामने कथित तौर पर जान से मार डालने की धमकी भी दी और मौके से चला गया।
घटना के बाद युवती और उसके परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। पीड़िता के पिता का कहना है कि बेटी के साथ पहले से ही उत्पीड़न किया जा रहा था और अब सार्वजनिक स्थान पर उसके साथ मारपीट की गई। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, थाने में मौजूद पुलिसकर्मी ने मामले की शिकायत सुनी। परिवार का आरोप है कि उन्हें बताया गया कि घटना मुख्य रूप से दूसरे शहर से जुड़ी है और यहां मारपीट की घटना हुई है। पीड़िता और उसके पिता ने यह भी बताया कि थाने में मौजूद दीवान ने उनकी बात के आधार पर तहरीर तैयार कराई। परिवार ने युवक द्वारा कथित रूप से लगातार पीछा करने, फोटो एडिट कर वायरल करने और धमकी देने जैसे आरोपों की भी जांच की मांग की है।
मामले में हैदरगढ़ कोतवाल अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि युवक और युवती के बीच पहले बातचीत होती थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हैदरगढ़ में युवती के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश में उसके गांव में दबिश दी, लेकिन उसके घर पर ताला लगा मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना की रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है और पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है। युवती द्वारा लगाए गए फोटो से छेड़छाड़, कथित रूप से अश्लील सामग्री वायरल करने और धमकी देने जैसे आरोपों की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपी पक्ष का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।