मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में थाना रिफाइनरी पुलिस ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय का असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर लोगों को ठगने वाले सचिन शर्मा नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. कस्बे फरह का रहने वाला आरोपी पिछले काफी समय से मथुरा में घूमकर फर्जी ईडी अधिकारी बनकर लोगों के साथ ठगी कर रहा था और फेसबुक पर इसका प्रचार-प्रसार कर रहा था. पुलिस ने गहन छानबीन के बाद आरोपी के पास से एक फर्जी आईडी कार्ड, एक फॉक्स गाड़ी, दो आधार कार्ड और कई एटीएम व क्रेडिट कार्ड बरामद करके उसे न्यायालय के सामने पेश किया है.
सचिन शर्मा खुद को ईडी का बड़ा अधिकारी बताकर लोगों को अपना शिकार बनाता था. उसने अपनी फर्जी पहचान का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भी कर रखा था. रिफाइनरी थाना पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को धर दबोचा. पुलिस ने उसके पास से ठगी में इस्तेमाल फर्जी आईडी कार्ड और गाड़ी जब्त कर ली है.
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना रिफाइनरी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने झूठ बोलकर कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे कितनी ठगी की है.
एसपी सिटी ने बताया कि मामले की विवेचना साइंटिफिक तरीके से, सीडीआर (CDR) और आरोपी की लोकेशन के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी. पुलिस सभी तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है ताकि आरोपी के खिलाफ मजबूत सबूत इकट्ठा किए जा सकें और पीड़ितों को न्याय मिल सके.
Tags: