गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गहमर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे और हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी तथा उसके साथी समीम शाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और लूट की रकम बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी के खिलाफ अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत 35 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी समीम शाह पर भी पांच आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गहमर थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई लूट और रंगदारी की घटनाओं की जांच के दौरान बदमाशों की तलाश की जा रही थी। 29 जुलाई को नवली निवासी मेराज कुरैशी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि दो युवकों ने बकरा बेचने के बहाने उसे और उसके भाई को बसुका-करहियां मार्ग पर बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने तमंचे की बट से हमला कर दिया और 60 हजार रुपये नकद तथा सोने की चेन लूट ली। हमले में मेराज का हाथ भी टूट गया था।
इसके अलावा गदाईपुर निवासी मैरिज हाल संचालक नवीन पांडेय ने भी पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके मोबाइल पर फोन कर एक व्यक्ति ने खुद को शंकर पांडेय कटरा गैंग का सदस्य बताया और 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही थी और आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
शनिवार देर रात गहमर थाना प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी और कामाख्या धाम चौकी प्रभारी संजय कुमार यादव पुलिस टीम के साथ रेवतीपुर बॉर्डर के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से कुछ संदिग्धों के आने की सूचना मिली। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की, जिसमें सुधीर पासी के दोनों पैरों और समीम शाह के एक पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर कई चोरी और लूट की घटनाओं से जुड़े सामान बरामद किए। बरामदगी में दो तमंचे, चार खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, चोरी की लाल रंग की हंटर मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, पीली धातु का एक लॉकेट और 90,620 रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाशों का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से गहमर, सादात, मरदह, कोतवाली, जंगीपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा सुल्तानपुर के अखंडनगर और आजमगढ़ के जहानागंज क्षेत्र की घटनाओं से भी इनके तार जुड़े होने की जांच की जा रही है।
गहमर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। गिरफ्तार दोनों बदमाशों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।