Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय बैठक मंगलवार को सर्कुलर रोड स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने ऑनलाइन सामान की बिक्री पर अतिरिक्त टैक्स लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इससे पारंपरिक खुदरा व्यापार को मजबूती मिलेगी और छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा हो सकेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपिन कंसल, वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल और महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष अनीता जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद संगठन की प्रार्थना "वह शक्ति हमें दो दयानिधे" के साथ बैठक की शुरुआत हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए संदीप बंसल ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करता है और आईएएस अधिकारी प्रशासनिक व्यवस्था को संभालते हैं, उसी तरह व्यापारी आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने व्यापारियों को सम्मान का हकदार बताते हुए सरकार द्वारा भामाशाह जयंती पर "व्यापारी कल्याण दिवस" घोषित किए जाने के फैसले का स्वागत किया।
संदीप बंसल ने ई-कॉमर्स कारोबार, जीएसटी व्यवस्था, बाट-माप विभाग, सैंपलिंग प्रक्रिया और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि व्यापारी हमेशा सरकार के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है, लेकिन विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा होने वाला अनावश्यक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से संगठित होकर अपनी समस्याओं को मजबूती से उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों के बढ़ते प्रभाव से छोटे दुकानदारों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में ऑनलाइन बिक्री पर अतिरिक्त टैक्स लगाया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय व्यापारियों को समान अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि खुदरा व्यापारी लंबे समय से ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देते आ रहे हैं और उनके हितों को सुरक्षित रखना जरूरी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेहतर कानून व्यवस्था का सीधा लाभ व्यापारियों को मिला है। इसके साथ ही व्यापारियों के दुर्घटना बीमा की राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर दस लाख रुपये किए जाने के निर्णय का भी उन्होंने स्वागत किया।
वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल ने बैठक में संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बाजार में संगठन की इकाइयों का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने जीएसटी कानून में संशोधन, प्रोपराइटरशिप फर्म में पार्टनर बनाने संबंधी शर्तों को समाप्त करने, व्यापारियों को दुकानों का स्वामित्व देने और पंजीकृत व्यापारियों के लिए सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर पांच लाख रुपये की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग रखी।
बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से व्यापारियों और संगठन पदाधिकारियों ने भाग लिया। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, शामली, कांधला और बदायूं सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारियों ने संगठन की मांगों का समर्थन किया। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, संगठन विस्तार और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की गई।