कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते माह महिला से चेन लूट करने वाले शातिर लुटेरों से पुलिस की बीती देर रात मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान एक आरोपित गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दूसरा साथी फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने शनिवार को बताया कि सात जुलाई को पनकी के सरायमीता इलाके में महिला से चेन लूट की घटना के बाद पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की जानकारी जुटाकर आरोपितों की तलाश कर रही थीं। देर रात को भौती बाईपास के पास थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की अपाचे बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। बाइक सवार भागने लगे। पीछा करने पर न्यू ट्रांसपोर्ट नगर के पास पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली जा लगी और वह गिर गया। जबकि बाइक चला रहा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम संजय निवासी जैतीपुर रोड, घाटमपुर बताया। उसके कब्जे से तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित संजय ने सरायमीता में महिला से हुई चेन लूट की घटना में अपने साथी रिजवान के साथ शामिल होना स्वीकार किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित संजय के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रिजवान के खिलाफ करीब 20 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags: