Noida नोएडा : गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर शनिवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त (यातायात) के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान में कुल 6390 ई-चालान किए गए, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाले 18 वाहनों को सीज किया गया।यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया।
बिना हेलमेट चलने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों पर विशेष नजर रखी गई। यातायात पुलिस ने ऐसे 2282 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों की लापरवाही सड़क हादसों का बड़ा कारण बनती है, इसलिए हेलमेट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान 2344 मैनुअल चालान किए गए, जबकि आईएसटीएमएस (ISTMS) कैमरों के माध्यम से 4046 वाहनों के ई-चालान किए गए। आधुनिक कैमरा सिस्टम की मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर कार्रवाई की गई।
रॉन्ग साइड, ओवरस्पीड और नो-पार्किंग पर भी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 387 चालान किए गए। वहीं, खराब या गलत नंबर प्लेट लगाने वाले 309 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वाले 511 चालकों, तेज गति से वाहन चलाने वाले 468 चालकों, प्रेशर हॉर्न और हूटर का इस्तेमाल करने वाले 38 वाहन चालकों के खिलाफ चालान किया गया। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले 12 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
लोगों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया। डाइट ट्रेनिंग सेंटर, दनकौर में अध्यापकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।इस दौरान लोगों को नकली हेलमेट के नुकसान, सीट बेल्ट पहनने की आवश्यकता, यातायात संकेतों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों से नहीं बल्कि लोगों की जिम्मेदारी और जागरूकता से भी सुनिश्चित होती है।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर निकलते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य नियमों के उल्लंघन से बचें। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।