Noida नोएडा : शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 171 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी मेधा रूपम ने की। यहां कुल 17 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समाधान पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों का सत्यापन करें और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के साथ प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
सदर तहसील में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, एसीपी ग्रेटर नोएडा-III डॉ. रविशंकर मिश्र, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार सदर अजय कुमार, नायब तहसीलदार ज्योत्सना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में 82 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 6 मामलों का तत्काल समाधान किया गया।अधिकारियों ने शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।