उत्तर प्रदेश: भारतीय जनता पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा और पार्टी के इतिहास से जोड़ने के लिए शुरू किए गए डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा में उत्तर प्रदेश देशभर में पहले स्थान पर रहा। राज्य के करीब 90 प्रतिशत कार्यकर्ताओं ने डिजिटल कोर्स पूरा कर परीक्षा में सफलता हासिल की है।
इस डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यसंस्कृति, इतिहास, विचारधारा और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देना है। परीक्षा के दौरान कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के विकास क्रम, पार्टी की उपलब्धियों, चुनावी उतार-चढ़ाव, गठबंधन की राजनीति और संगठन से जुड़े कई विषयों पर सवाल पूछे गए।
उत्तर प्रदेश भाजपा ने इस अभियान में सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश के अन्य राज्यों को पीछे छोड़ दिया। आंकड़ों के मुताबिक, यूपी में 5.34 लाख यूजर इस डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जुड़े थे। इनमें से 4.82 लाख कार्यकर्ताओं ने सफलतापूर्वक कोर्स पूरा किया। यानी करीब 90 प्रतिशत कार्यकर्ताओं ने इस अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
भाजपा के डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम के प्रभारी और प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी ने बताया कि 6 जुलाई से 28 जुलाई के बीच बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि यूपी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक दर्शन को समझने में बेहतर रुचि दिखाई है।
इस अभियान में भाजपा के सभी छह मोर्चों के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। पार्टी का मानना है कि डिजिटल प्रशिक्षण के माध्यम से तैयार किए गए कार्यकर्ताओं की क्षमता का आने वाले चुनावों और संगठन विस्तार में इस्तेमाल किया जाएगा।
इस डिजिटल परीक्षा में मध्य प्रदेश भाजपा दूसरे स्थान पर रहा। मध्य प्रदेश में 2.44 लाख यूजरों में से 2.20 लाख कार्यकर्ताओं ने कोर्स पूरा किया। इसके बाद गुजरात तीसरे स्थान पर रहा, जहां 1.72 लाख यूजरों में से करीब 88 प्रतिशत कार्यकर्ताओं ने लक्ष्य पूरा किया।
अन्य राज्यों के प्रदर्शन की बात करें तो राजस्थान और बिहार में लगभग 80 प्रतिशत कार्यकर्ताओं ने डिजिटल कोर्स पूरा किया। उत्तराखंड में यह आंकड़ा 69 प्रतिशत रहा। इसके अलावा छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और असम जैसे राज्यों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।
भाजपा लगातार अपने संगठन को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने पर जोर दे रही है। पार्टी की कोशिश है कि बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता डिजिटल माध्यमों से संगठन की नीतियों और विचारधारा को बेहतर तरीके से समझ सकें। इसी रणनीति के तहत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन परीक्षा जैसी पहल शुरू की गई है।
उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी माइक्रोमैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दे रही है। कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ संगठनात्मक जानकारी से मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है। डिजिटल प्रशिक्षण पूरा करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र भी दिए जा रहे हैं।
भाजपा नेताओं का मानना है कि चुनावी मैदान में सिर्फ जनसंपर्क ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की वैचारिक और संगठनात्मक समझ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि हर कार्यकर्ता संगठन की नीतियों और इतिहास से पूरी तरह परिचित हो।
इस अभियान में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन पार्टी के लिए खास उपलब्धि माना जा रहा है। सबसे ज्यादा संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी और 90 प्रतिशत कोर्स पूरा करने के साथ यूपी भाजपा ने डिजिटल प्रशिक्षण के क्षेत्र में देशभर में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है।