सांप के तीन हमलों के बाद भी नहीं डरा युवक, लिया अनोखा संकल्प

Update: 2026-07-19 13:09 GMT

उत्तर प्रदेश:  बागपत जिले के बिनौली गांव में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां रहने वाले एक युवक को पिछले पांच महीने में तीसरी बार सांप ने डस लिया। लगातार तीन बार सर्पदंश की घटना के बावजूद युवक ने हिम्मत नहीं खोई है। उसने संकल्प लिया है कि वह न तो सांप को मारेगा और न ही उससे घबराएगा।

बिनौली गांव निवासी युवक राजा ने बताया कि सांप के हमलों के बाद भी उसके मन में सांपों के प्रति डर नहीं बल्कि एक अलग सोच पैदा हुई है। उसका कहना है कि सांप भी प्रकृति का हिस्सा हैं और वह किसी भी स्थिति में उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाना चाहता। हालांकि लगातार तीन बार सांप के डसने की घटना से वह खुद और उसका परिवार भी हैरान है।

राजा ने बताया कि वह क्रिकेट खिलाड़ी है और साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा है। वह बीएसएफ की शारीरिक परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ है। शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपने घर के बाथरूम में गया था। इसी दौरान सांप ने उसके पैर में डस लिया।

राजा को सांप के डसने का तुरंत पता नहीं चला। उसे तब एहसास हुआ जब सांप उसके पंजे के ऊपर से होकर गुजर गया। इसके बाद उसने तुरंत परिजनों को जानकारी दी और इलाज के लिए बिनौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। चिकित्सकों ने उसे एंटी स्नेक वेनम के इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। डॉक्टरों के अनुसार, राजा को इस बार कुल 12 इंजेक्शन लगाए गए, जिनमें दो इंजेक्शन बिनौली सीएचसी में और 10 इंजेक्शन जिला अस्पताल में दिए गए। हालत बेहतर होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

यह पहली बार नहीं है जब राजा सांप के हमले का शिकार हुआ है। इससे पहले भी पिछले पांच महीने में दो बार सांप उसे डस चुका है। राजा के अनुसार, सात जुलाई को घर में मोबाइल का चार्जर लेने जाते समय जमा हुए पानी में छिपे सांप ने उसके पैर में काट लिया था। उस समय भी उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया था और इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी।

इससे पहले फरवरी महीने में क्रिकेट खेलने के दौरान भी सांप ने उसे डस लिया था। उस समय राजा मैच खेलकर घर लौटा था। कुछ देर बाद उसे अचानक नींद आने लगी और तब उसे पता चला कि सांप ने उसे काट लिया है। इसके बाद उसका उपचार कराया गया था।

खास बात यह है कि तीनों बार सांप ने राजा के एक ही पैर में काटा है। लगातार तीन घटनाओं के बाद ग्रामीण भी हैरान हैं कि आखिर एक ही युवक के साथ इतनी बार सर्पदंश की घटना कैसे हो रही है।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. शाहिद अली ने बताया कि राजा दूसरी बार अस्पताल में सर्पदंश के बाद आया था। इस बार उसकी हालत को देखते हुए एंटी स्नेक वेनम दिया गया। उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य हुई और उसे घर भेज दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात और गर्मी के मौसम में सांपों का निकलना बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। घर के आसपास साफ-सफाई रखना, अंधेरे स्थानों पर जाने से पहले सतर्क रहना और सांप दिखने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करना जरूरी है।

वहीं, राजा का कहना है कि वह अपनी जिंदगी में इस घटना को डर की तरह नहीं बल्कि एक सीख की तरह देखता है। उसने साफ कहा है कि सांप कितनी भी बार डसे, लेकिन वह न तो सांप को मारेगा और न ही घबराएगा। उसका यह संकल्प गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Tags:    

Similar News