हरिद्वार: स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। मंगलवार को उच्च न्यायालय के निर्देश पर सिडकुल और बीएचईएल क्षेत्र में 35 स्कूली बसों और बच्चों को लाने-ले जाने वाले अन्य वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 15 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं होने पर दो बसों को सीज कर दिया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर, एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

जांच के दौरान वाहन चालकों और संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा फिटनेस सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Tags: