नई टिहरी: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षत्रों सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को देवप्रयाग के मुरारीनगर में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और टैक्सी के बीच हुई भीषण टक्कर ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

तीनधारा के करीब 100 मीटर आगे दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दर्दनाक हादसे में 69 वर्षीय बुजुर्ग मदन लाल भट्ट की जान चली गई। जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया।

देवप्रयाग थानाध्यक्ष कृष्णकांत ने बताया कि शुक्रवार सुबह को पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया कि पंजाब के लुधियाना से श्री बदरीनाथ धाम जा रही कार संख्या पीबी-10केटी-3636 में एक ही परिवार के सात लोग सवार थे। वाहन बलविंदर (42) चला रहे थे। वहीं विपरीत दिशा से आ रही टैक्सी संख्या यूके12टीए-4646 में चालक सहित 6 लोग सवार थे। दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में टैक्सी सवार मदन लाल भट्ट (69) पुत्र स्वर्गीय दाताराम भट्ट निवासी ग्राम स्यालांगी, कोट ब्लॉक, जनपद पौड़ी गढ़वाल को गंभीर घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।एसएचओ कृष्णकांत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही सामने आई है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

Tags: