देहरादून : 27 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और नागरिक-केंद्रित शासन को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट की हैं। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट को इसी लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। धामी सरकार निवेश, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नीतियां लागू करने की जानकारी पहले भी दे चुकी है।
रोजगार और निवेश बढ़ाने के लिए 30 से अधिक नीतियां
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।राज्य सरकार ने औद्योगिक नीति, लॉजिस्टिक्स नीति, स्टार्टअप नीति और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) नीति सहित 30 से अधिक नीतियां लागू की हैं।इन नीतियों का उद्देश्य निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना, उद्योगों की स्थापना को आसान बनाना और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।सरकार ने लाइसेंसिंग प्रक्रिया सरल बनाने और सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत करने पर भी जोर दिया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे राज्य में निवेश आकर्षित करने और कारोबार को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।
IT और आधुनिक तकनीक पर सरकार का फोकस
उत्तराखंड सरकार सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार को आर्थिक विकास के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में देख रही है।राज्य के बजट 2026-27 में सूचना प्रौद्योगिकी ढांचे को मजबूत करने, साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय प्रावधान किए गए हैं।एआई मिशन के क्रियान्वयन के लिए 25 करोड़ रुपये तथा साइबर सुरक्षा के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।इसके अलावा राज्य डेटा सेंटर और आईटी अवसंरचना को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।सरकार का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।
युवाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को राज्य के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया है।सरकार का जोर युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करने पर है।बजट 2026-27 में कौशल विकास के लिए मुख्यमंत्री हब और सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट मॉडल स्थापित करने का प्रस्ताव है।इसके अंतर्गत पॉलिटेक्निक, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उच्च शिक्षण संस्थान और माध्यमिक विद्यालयों को जोड़ने की योजना है।इस पहल से विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
7,844 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट
मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट में 7,844.18 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।इसमें 4,164.32 करोड़ रुपये पूंजीगत मद में तथा 3,679.86 करोड़ रुपये राजस्व मद में रखे गए हैं।धामी ने कहा कि बजट तैयार करते समय प्रदेश की वर्तमान आवश्यकताओं के साथ भविष्य की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है।स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए राज्य कर राजस्व में उनकी हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है।इसके लिए 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
नागरिक-केंद्रित शासन को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया।राज्य सरकार के अनुसार, नागरिक-केंद्रित प्रशासन से लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए होने वाली परेशानियों को कम करने में सहायता मिलेगी।इसके साथ ही पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
2047 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड ने राज्य गठन के बाद विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। अब सरकार का लक्ष्य इस विकास को अधिक व्यापक बनाना है।उन्होंने दावा किया कि राज्य में स्टार्टअप की संख्या 702 से बढ़कर 1,978 तक पहुंच गई है। वहीं एमएसएमई इकाइयों की संख्या लगभग 60 हजार से बढ़कर एक लाख हो गई है।मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार निवेश और आर्थिक विकास का लाभ गांवों, किसानों, महिलाओं तथा युवाओं तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
Tags: