Nainital: नैनीताल में आजादी का जश्न, प्रभारी मंत्री खजान दास की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन
आजादी के पर्व पर सजा नैनीताल, प्रभारी मंत्री खजान दास की मौजूदगी में समारोह
नैनीताल: देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस नैनीताल जनपद में उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय के कलक्ट्रेट में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर नारियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया तथा लोगों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई।
समारोह में खजान दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास, महिलाओं की सुरक्षा, समान नागरिक संहिता और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए हर गांव तक विकास पहुंचाने का संकल्प दोहराया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करते हुए नागरिकों से राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर प्रभारी मंत्री ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया।
इसके बाद तल्लीताल गांधी चौक, अंबेडकर पार्क और शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। तल्लीताल से डीएसए मैदान तक तिरंगा रैली, ठंडी सड़क पर पौधरोपण, नैनी झील में तिरंगे झंडों के साथ नौकाओं की रैली और स्वच्छता अभियान भी आयोजित हुआ। आयोजन में विधायक सरिता आर्या, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी प्रमुखता से मौजूद रहे। जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में भी ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पौधरोपण आयोजित किये गये। उत्तराखंड उच्च न्यायालय में भी स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के साथ विशेष आयोजन हुआ।