नई टिहरी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर बुधवार को सत्यमेव जयते छात्र संगठन ने पीजी कॉलेज नई टिहरी के मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। छात्र नेता दिव्यांशु रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का पुतला फूंका और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी की घटना में धीरज बिष्ट सहित कई अन्य आरोपी शामिल हैं। उन्होंने धीरज बिष्ट के एबीवीपी से कथित जुड़ाव को लेकर भी सवाल उठाए। छात्र नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाएं महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं।

छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोष सिद्ध होने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

प्रदर्शन में ऋतुराज नेगी, खुशबू, सुजल रतूड़ी, अजय, दिलीप प्रसाद, राधिका पंवार, राघव बहुगुणा और उन्नति सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।

Tags: