सड़क हादसे में उजड़े दो परिवारों को राहत, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने सुनाया फैसला
बस हादसे में दो मौतों पर फैसला
विकासनगर: देहरादून जिले के सहसपुर क्षेत्र में बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में जान गंवाने वाले दो युवकों के आश्रितों को कुल 66.34 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा। विकासनगर स्थित मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी एवं अपर जिला जज नंदन सिंह ने दोनों दावों में अलग-अलग 33.17 लाख रुपये निर्धारित किए हैं। आश्रितों को ब्याज सहित भुगतान का आदेश दिया गया है। Dehradun News
हादसा 14 जून 2025 को बड़ा रामपुर मस्जिद के पास हुआ था। लाल सिंह और धर्मेंद्र प्रजापति मोटरसाइकिल से सेलाकुई स्थित कार्यस्थल जा रहे थे। रास्ते में देहरादून की ओर से आ रही पंजाब रोडवेज की बस से टक्कर हो गई। लाल सिंह की मौके पर मृत्यु हुई, जबकि धर्मेंद्र ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
लाल सिंह की मृत्यु के बाद बायला गांव निवासी बर्मी देवी तथा बच्चों खुशी चौहान और कृष्णा चौहान ने दावा प्रस्तुत किया। अधिकरण ने मृतक की उम्र, वेतन और आश्रितों की स्थिति को ध्यान में रखकर राशि तय की। धर्मेंद्र के मामले में हरबर्टपुर के आदर्श विहार निवासी पप्पी और बच्चों प्रिया, दिव्या तथा कार्तिक ने मुआवजा मांगा था। वह सेलाकुई की निजी कंपनी में कार्यरत थे। अधिकरण ने आश्रितों के हिस्से निर्धारित करते हुए नाबालिग बच्चों की राशि उनके वयस्क होने तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।