ऋषिकेश: ऊर्जा संरक्षण को लेकर नई पीढ़ी में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की ओर से शनिवार को राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। टीएचडीसी कॉलोनी स्थित रसमंजरी ऑडिटोरियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से बिजली बचाने और ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश दिया। इस वर्ष प्रतियोगिता को विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला। प्रदेश के 423 विद्यालयों के कुल 2,52,981 विद्यार्थियों ने विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया।

भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड को नोडल एजेंसी बनाया गया था। प्रतियोगिता के लिए दो विषय निर्धारित किए गए थे। इनमें 'ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं' और 'बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार' शामिल रहे। विद्यार्थियों ने इन विषयों को अपनी चित्रकला के माध्यम से प्रस्तुत किया।

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण सतत विकास और सुरक्षित भविष्य के निर्माण के लिए बेहद आवश्यक है। बिजली बचाने के लिए किए जाने वाले छोटे-छोटे प्रयास भी सामूहिक रूप से बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इससे देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग में मदद मिलती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में बिजली का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करें और ऊर्जा दक्ष विद्युत उपकरणों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण का संदेश परिवारों और समाज तक पहुंच सकता है।

कार्यक्रम में टीएचडीसी के मुख्य तकनीकी अधिकारी एलपी जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि चित्रकला एक प्रभावशाली माध्यम है, जिसके जरिए जटिल विषयों को भी सरलता से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विद्यार्थियों की भागीदारी सराहनीय है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे केवल प्रतियोगिता तक ही ऊर्जा बचत के संदेश को सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी रोजमर्रा की आदतों में शामिल करें। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी बिजली की बचत तथा ऊर्जा दक्ष उपकरणों के इस्तेमाल के लिए जागरूक करें।

प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में आयोजित किया गया था। ग्रुप-ए में कक्षा पांच से सात तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि ग्रुप-बी में कक्षा आठ से दस तक के विद्यार्थी शामिल हुए। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 50 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पाने वालों को 30 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। इसके अलावा प्रत्येक वर्ग में 10 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इन पुरस्कारों के तहत प्रत्येक विजेता को 7,500 रुपये दिए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत टीएचडीसी के महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन व जनसंपर्क) डीपी पात्रो के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में इस तरह की प्रतियोगिताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

टीएचडीसी के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं उत्तराखंड के नोडल अधिकारी विमल दुर्गापाल ने प्रतियोगिता में बढ़ती भागीदारी के आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इस प्रतियोगिता में 242 विद्यालयों के 1,90,241 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष विद्यालयों की संख्या बढ़कर 423 हो गई, जबकि प्रतिभागियों की संख्या 2,52,981 तक पहुंच गई। आंकड़ों के अनुसार, इस बार विद्यार्थियों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

ग्रुप-ए में हरिद्वार की वर्षा रानी अव्वल

प्रतियोगिता के ग्रुप-ए में आचार्यकुलम, हरिद्वार की कक्षा सात की छात्रा वर्षा रानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय की ज्योति यादव दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हरिद्वार की अवनि कपूरिया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

ग्रुप-बी में कुणाल कुंज ने हासिल किया पहला स्थान

ग्रुप-बी में आचार्यकुलम, हरिद्वार के कक्षा दस के छात्र कुणाल कुंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एसेंट पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी की दीक्षा कुटियाल दूसरे और डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, गुमानीवाला, ऋषिकेश की रुचा रवि फुलवारे तीसरे स्थान पर रहीं।

दोनों वर्गों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल छह विद्यार्थी अब नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता के फाइनल में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस तरह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने वाले इन विद्यार्थियों को अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला और ऊर्जा संरक्षण के विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

Tags: