पूर्व मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में जगद्धात्री पूजा मेले के दौरान भीषण सड़क हादसा हो गया। बुधवार देर शाम नंदकुमार के खांची इलाके में हल्दिया-मेदिनीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सब्जियों से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टोटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब पांच लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय गौरांग माइती के रूप में हुई है। वह नंदकुमार थाना क्षेत्र के दक्षिण दामोदरपुर का रहने वाला था।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम करीब सात बजे सब्जियों से भरा ट्रक नंदकुमार से मेचेदा की ओर जा रहा था। इसी दौरान खांची सिग्नल के पास खड़े टोटो को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक टोटो को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तमलुक गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। घायलों में चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

बताया गया कि खांची इलाके में जगद्धात्री पूजा के अवसर पर मेला आयोजित किया गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए इलाके में यातायात नियंत्रण की व्यवस्था भी की गई थी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बन गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

Tags: