ममता बनर्जी का विरोधियों पर निशाना, बोलीं- 'हम हमेशा थे, आज हैं और आम लोगों के लिए आगे भी रहेंगे'
Kolkata कोलकाता: पश्चिम बंगाल में पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने विरोधियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने उन लोगों को जवाब दिया जो कथित तौर पर 'नाम और निशान मिट जाने' जैसी बातें कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि ऐसी बातें उनकी पार्टी या आंदोलन के लिए नहीं, बल्कि "गद्दारों" के लिए कही जानी चाहिए।
ममता बनर्जी ने कहा, "मैं यह स्पष्ट रूप से कहना चाहती हूं कि जो लोग कह रहे हैं कि 'न रहेगा नाम, न रहेगा निशान', वे यह बात हमें नहीं कहें। यह बात गद्दारों से कहें। हम हमेशा यहां थे, आज भी यहां हैं और आम लोगों के लिए आगे भी यहां रहेंगे।"
उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति हमेशा आम जनता के हितों को केंद्र में रखकर रही है। ममता ने दावा किया कि उनकी पार्टी लोगों के अधिकारों और उनकी समस्याओं के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से नए रास्ते पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। टीएमसी प्रमुख ने कहा कि आने वाला समय नई दिशा में आगे बढ़ने का है। उनके बयान को राज्य में जारी राजनीतिक गतिविधियों और विपक्षी दलों के साथ चल रही बयानबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी लंबे समय से एक प्रमुख चेहरा रही हैं। राज्य में टीएमसी और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप लगातार जारी हैं। ऐसे समय में ममता का यह बयान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने और राजनीतिक संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि उनकी प्राथमिकता आम लोगों की सेवा और उनके मुद्दों को उठाना है। ममता बनर्जी के इस बयान के बाद राज्य की सियासत में नए राजनीतिक प्रतिक्रियाओं की संभावना जताई जा रही है।