कांस्टेबल पर गोली चलाने वाला रतन शेख मुठभेड़ में मारा गया, विपक्ष ने उठाए सवाल
बंगाल को एनकाउंटर स्टेट नहीं बनने देंगे, पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस ने जताई चिंता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में पुलिस मुठभेड़ों को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। बीरभूम जिले के नानूर में रविवार को पुलिस की गोलीबारी में रतन शेख नामक आरोपित की मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि हथियार बरामद कराने के लिए ले जाने के दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। राज्य में पिछले छह महीनों के दौरान यह पांचवीं पुलिस मुठभेड़ बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रतन शेख को पूर्वी बर्दवान के नबाबहाट इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उस पर एक पुलिस कांस्टेबल को गोली मारने का आरोप था। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर हथियार छिपाने की जगह की जानकारी दी थी। इसके बाद रविवार शाम पुलिस टीम उसे नानूर के एक सुनसान ईंट भट्ठे पर लेकर पहुंची।
पुलिस का कहना है कि वहां पहुंचते ही आरोपित ने कथित तौर पर छिपाए गए हथियार से पुलिस वाहन पर गोली चला दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें रतन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नानूर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बोलपुर अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस कार्रवाई पर विपक्ष ने जताई चिंता
घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और मुठभेड़ की परिस्थितियों को लेकर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष ने कहा कि अपराधियों को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन सजा देने का अधिकार न्यायपालिका के पास है। उन्होंने बार-बार आरोपितों के भागने या पुलिस पर हमला करने की घटनाओं का हवाला देते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच की जरूरत बताई।
सीपीआई (एम) नेता सुजन चक्रवर्ती ने भी एनकाउंटर की प्रवृत्ति को खतरनाक करार दिया। उनका कहना था कि पुलिस पर हमला या हत्या किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है, लेकिन न्यायिक प्रक्रिया को दरकिनार करना भी उचित नहीं है। उन्होंने चेताया कि अदालत के बाहर न्याय करने की व्यवस्था भविष्य में गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुमन रायचौधरी ने पुलिस से पारदर्शी जांच कराने और आरोपितों को अदालत के सामने पेश करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल को ऐसी स्थिति में नहीं पहुंचना चाहिए, जहां एनकाउंटर सामान्य कार्रवाई बन जाए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस कार्रवाई का किया बचाव
विपक्ष की आलोचनाओं के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राज्य में बलात्कारियों और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस पर गोली चलाने वालों के खिलाफ पुलिस जवाबी कार्रवाई करेगी। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें राज्य में आपराधिक गतिविधियां जारी रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राज्य में लगातार हो रही पुलिस मुठभेड़ों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं।
कई जिलों में पहले भी हो चुकी हैं मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, रतन शेख बीरभूम जिले के सांवता गांव का रहने वाला था। उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई मामले दर्ज थे। वह हाल ही में एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद पुलिस दूसरे मामले में उसकी तलाश कर रही थी।
इससे पहले बारुईपुर, गाईघाटा, समशेरगंज और रायगंज में भी पुलिस मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा घटना के बाद राज्य में पुलिस की जवाबी कार्रवाई, अपराध नियंत्रण और न्यायिक प्रक्रिया को लेकर बहस फिर तेज हो गई है। विपक्ष जहां पारदर्शिता और कानूनी प्रक्रिया पर जोर दे रहा है, वहीं मुख्यमंत्री पुलिस के सख्त रुख को अपराध नियंत्रण के लिए जरूरी बता रहे हैं।