सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी गणेश पूजा वेलफेयर सोसाइटी की ओर से इस वर्ष गणेश पूजा का 20वां वर्ष मनाया जाएगा। गुरुवार को विधान मार्केट ऑटो स्टैंड यानी पुराने डुआर्स बस स्टैंड परिसर में खुटी पूजा के साथ गणेश पूजा की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पूजा कमेटी के सदस्य और स्थानीय व्यवसायी मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष पूजा को और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। दक्षिण भारत के लोकप्रिय लक्ष्मी-नारायण मंदिर की वास्तुकला की तर्ज पर भव्य पंडाल तैयार किया जाएगा। मंदिर के स्वरूप में बनाए जाने वाले इस पंडाल में आकर्षक सुनहरे रंग की नक्काशी और विशेष सजावट देखने को मिलेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि पंडाल श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।

पूजा कमेटी की ओर से बताया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गणेश पूजा सिलीगुड़ी सहित पूरे उत्तर बंगाल में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी। करीब सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक उत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बताया गया कि इस वर्ष पूजा के अवसर पर रक्तदान शिविर और नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं की शिक्षा में सहायता, जरूरतमंद लोगों की मदद और अनाथ आश्रमों को आर्थिक सहयोग जैसी सामाजिक पहल भी की जाएगी।

Tags: