लखनऊ: मॉडलिंग की आड़ में ब्लॉगर श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि गैर कानूनी धंधों में संलिप्त थी। यह सनसनीखेज खुलासा रविवार को कारोबारी शिवा की इमारत से गिरकर मौत के बाद पुलिस की तफ्तीश में हुआ। फोरेंसिक टीम और अधिकारियों की मौजूदगी में श्रद्धा के फ्लैट का रूम खोला गया। पुलिस को रूम से तमाम नशीली वस्तुएं, इलेक्ट्रानिक उत्तेजना बढ़ाने वाली डिवाइस, दवाइयां मिली हैं। तफ्तीश में लगी हजरतगंज पुलिस टीम को अवध ग्रीन अपार्टमेंट परिसर में लगे एक सीसी कैमरे की फुटेज भी मिली। फुटेज में शिवा नीचे गिरते दिखे, पर ऊपर की कवरेज फुटेज में नहीं है।
जांच में यह भी स्पष्ट हो गया कि शुक्रवार रात जब व्यवसायी शिवा शर्मा नीचे गिरे तो उस समय मॉडल व ब्लॉगर श्रद्धा दुबे फ्लैट में ही थी। दोनों पर धक्का देकर शिवा को छत से फेंकने का शक गहरा गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम अब दोनों के खिलाफ हत्या के संबंध के संबंध में साक्ष्य संकलन कर रही है। छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
तफ्तीश में श्रद्धा और उसकी बहन की काल डिटेल्स में 20 से ज्यादा मौलानाओं, बिल्डर, माफियाओं और रसूखदार राजनैतिक दल से जुड़े लोगों के नंबर मिले हैं। इन लोगों से श्रद्धा और उसकी बहन दोनों की लंबी बातचीत होती थी। श्रद्धा के जाल में कई सफेदपोश और व्हाइट कॉलर लोग भी फंसे थे। वह ब्लैकमेल कर उनसे भी रुपये ऐंठती थी।
अपार्टमेंट के चौथे तल से संदिग्ध हालात में गिरकर शुक्रवार रात चिकन कारोबारी व कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई। शिवा अलीगंज कपूथला में रहते थे। शिवा की मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से चलाने, माफियाओं और कई नामचीन लोगों से धमकी दिलाने का आरोप लगाया है। शिवा एक साल से मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ लिवइन में रह रहे थे। पीड़ित मां ने श्रद्धा उसकी बहन रश्मि समेत चार के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद से श्रद्धा उसकी बहन समेत अन्य आरोपी फरार हैं।
शिवा की मौत के बाद अपार्टमेंट परिसर में एक सफेद और काले रंग की ऑडी पहुंची थी। उसमें सचिवालय पास भी लगा था। वह कार किसकी है? कौन उस कार से आया था? पुलिस इन सभी बिंदुओं की पड़ताल कर रही है। इसके अलावा घटना के बाद जिस फ्लैट में श्रद्धा रहती थी उसके नीचे जीने से एक संदिग्ध व्यक्ति भागते दिखा है। वह सीसी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस पड़ताल कर रही है।
श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि का समिट बिल्डिंग, पलासियो मॉल और अन्य बार में आना जाना था। हाईप्रोफाइल लोगों में उठना बैठता था। दोनों बहनें इसी तरह लोगों को फंसाती थी। इसके बाद उनसे लंबी बातचीत कर नजदीकियां बढ़ाकर ब्लैकमेल करती थी। पश्चिम जोन से जुड़े एक व्यवसायी को ब्लैकमेल कर 25 लाख रुपये ऐंठे थे।
मॉडल श्रद्धा एक राजनीतिक दल से भी जुड़ी थी। उसने उस दल के लिए कई बार प्रचार प्रसार भी किया था। दल के मुखिया के साथ उसने फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी। हालांकि बीते सालों दल का एक दूसरी राजनैतिक पार्टी में विलय हो गया। इसके बाद श्रद्धा का पद भी खत्म हो गया। अभी भी श्रद्धा की उनसे नजदीकियां बताई जा रही हैं।
शुक्रवार रात शिवा की मौत के बाद ब्लॉगर श्रद्धा अयोध्या रोड के रास्ते भागी थी। भागने में उसके मददगार बने कई बिल्डर और उससे जुड़े लोग पुलिस की रडार पर हैं। तलाश में लगी पुलिस टीम ने सीसी फुटेज और टोल प्लाजा से श्रद्धा का रूट प्लान तैयार कर लिया है। दिल्ली से लेकर नेपाल तक पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।
कुछ साल पहले श्रद्धा का विवाह हुआ था। पति से आए दिन विवाद करती थी। विरोध पर पति से मारपीट तक करती थी। हरकतों से त्रस्त होकर पति ने अलगाव कर लिया। इसके बाद दोनों में तलाक हो गई। श्रद्धा का एक बेटा भी है जो उसके परिवार के साथ रायबरेली में रहता है।
पीएम रिपोर्ट में शिवा के शरीर पर मौत से पहले की 10 चोटें मिली हैं। मौत का कारण आंतरिक रक्तस्राव आया है। इससे रहस्य और गहरा गया है। पुलिस अब विशेषज्ञ से राय लेगी। इससे पुलिस यह पता लगाएगी की क्या गिरने से पहले शिवा को पीटा गया था? विशेषज्ञों की राय के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
उधर, परिवारीजनों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में रविवार को शिवा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अर्थी उठी तो शिवा की मां रंजना एकाएक अचेत होकर गिर पड़ी। परिवारीजनों और रिश्तेदारों ने उन्हें ढाढस बंधाते हुए शांत कराया। इसके पानी की छींटे मार कर उन्हें होश में किया।
हजरतगंज एसीपी रजनीश वर्मा के अनुसार हत्यारोपी बहनों और अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें दबिश दे रही हैं। श्रद्धा के फ्लैट से कई अपत्तिजनक वस्तुएं भी मिली हैं। कई अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। कई संदिग्ध हिरासत में हैं उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
Tags: