अयोध्या। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुटी है। इस आयोजन की भव्यता देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए विशेष हाईटेक मीडिया सेंटर तैयार किया गया है। यहां पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों को कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, स्टेशनरी सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अयोध्या में 5 से 7 नवंबर तक तीन दिवसीय दीपोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है। इसका मुख्य कार्यक्रम 7 नवंबर को आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश के विशिष्ट अतिथि, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। दीपोत्सव की व्यापक कवरेज सुनिश्चित करने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और जिला प्रशासन मिलकर तैयारियां कर रहे हैं। मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश, आवागमन, जलपान, भोजन और कार्यक्रमों की फोटो-वीडियो कवरेज के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
आयोजन स्थलों पर मीडिया समन्वय के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। साकेत महाविद्यालय में शोभायात्रा की व्यवस्थाएं सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती और जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन संभालेंगे। हेलीपैड पर उप निदेशक अनुराग प्रसाद और सूचना अधिकारी प्रवीण मालवीय तैनात रहेंगे। रामकथा पार्क और मंच की जिम्मेदारी उप निदेशक आत्रेय मिश्रा तथा सूचना अधिकारी अमित शुक्ला को दी गई है। नया घाट, सरयू आरती स्थल और पुल पर सूचना अधिकारी महेंद्र कुमार तथा अनुवादक आशीष सिंह मीडिया समन्वय करेंगे।
राम की पैड़ी पर सूचना अधिकारी लाल कमल और क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी मयंक तिवारी व्यवस्थाएं संभालेंगे। लखनऊ से मीडिया प्रतिनिधियों को लाने और वापस पहुंचाने का जिम्मा सहायक निदेशक चंद्र विजय वर्मा तथा अपर जिला सूचना अधिकारी आनंद सिंह को सौंपा गया है। जलपान और भोजन की व्यवस्थाओं का समन्वय सहायक निदेशक अमित यादव और वरिष्ठ सहायक आनंद मिश्रा करेंगे।
फोटो और फिल्म कवरेज के लिए विशेष टीमों की तैनाती की गई है। ये टीमें कार्यक्रम स्थल से तस्वीरें और वीडियो तैयार कर ऑनलाइन उपलब्ध कराएंगी। सोशल मीडिया और यूट्यूब पर भी आयोजन से जुड़ी जानकारियां साझा करने की व्यवस्था की गई है। मीडिया प्रतिनिधियों के लिए धर्मपथ स्थित हनुमान गुफा के सामने नगर निगम पार्किंग ग्राउंड में अस्थायी मीडिया सेंटर बनाया गया है। वहीं, मीडिया वाहनों की पार्किंग के लिए फटिक शिला स्थल निर्धारित किया गया है। दीपोत्सव के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को निर्धारित प्रवेश पास, सुरक्षा व्यवस्था और मीडिया जोन से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
Tags: