हाईटेंशन तार टूटकर सड़क पर गिरा, करंट से 5 झुलसे, स्कूटी में लगी आग

सड़क पर गिरा हाईटेंशन तार

Update: 2026-07-15 18:47 GMT
Noida नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र स्थित छिजारसी इलाके में बुधवार शाम हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार केवी की बिजली लाइन से फैले करंट की चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए, जबकि एक स्कूटी में आग लग गई। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय लोग सामान्य रूप से सड़क से गुजर रहे थे। तभी अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। तार गिरते ही आसपास के क्षेत्र में करंट फैल गया, जिससे वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के दौरान एक स्कूटी में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और अस्पताल भेजने में मदद की। सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान निधि (15), प्रिया (17), मुकेश राम (38), पवित्र (41) और रवि चौधरी के रूप में हुई है। इनमें रवि चौधरी की हालत गंभीर है, जबकि अन्य चार घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पीड़ितों के परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइनों का नियमित रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और बिजली लाइनों की नियमित जांच की मांग की है। पुलिस और बिजली विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News