भोजपुर। बिहार में अवैध हथियार और कारतूस तस्करी के खिलाफ एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 20 हजार से अधिक कारतूसों के साथ तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी सारस कुमार, फतेहपुर निवासी लल्टू कुमार और सिवान निवासी चंदन तिवारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद कारतूस 7.65 एमएम के हैं। इनकी खेप पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही थी। पुलिस को आशंका है कि कारतूसों की आपूर्ति मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार के विभिन्न इलाकों में की जानी थी।
एसटीएफ को पहले ही सूचना मिली थी कि एक सफारी कार में भारी मात्रा में अवैध कारतूस लाए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने निगरानी शुरू कर दी। सोमवार सुबह कोईलवर के मनभावन मोड़ के पास पुलिस ने संदिग्ध सफारी कार को घेर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी कार दो अन्य वाहनों से टकरा गई। हालांकि, पुलिस टीम ने तीनों को मौके पर पकड़ लिया।
कार की तलाशी में 20 हजार से अधिक कारतूस, मैगजीन सहित .32 बोर की एक देसी पिस्तौल और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारी अंजनी सिंह भी पटना से कोईलवर पहुंचे और आरोपियों से पूछताछ की।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से इतनी बड़ी खेप किसने भेजी थी और बिहार में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और कथित मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।
Tags: