छठ पर घर लौटने की मची होड़! ट्रेन में जगह नहीं, फ्लाइट टिकट के दाम आसमान पर
किराया जानकर रह जाएंगे हैरान.
नई दिल्ली: छठ महापर्व आज यानी 13 नवंबर से शुरू हो रहा है. बिहार और पूर्वांचल के लाखों परिवारों के लिए यह सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि घर लौटने और अपनों के साथ समय बिताने का सबसे बड़ा मौका है. यही वजह है कि दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, चेन्नई और दूसरे बड़े शहरों में रहने वाले लोग अपने गांव और शहर पहुंचने की आखिरी कोशिश में जुटे हैं. किसी को ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा तो कोई महंगे हवाई टिकट खरीदकर घर पहुंचने की तैयारी कर रहा है. बसों और निजी गाड़ियों से भी बड़ी संख्या में लोग सफर कर रहे हैं.
इस बार छठ पूजा 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होकर 16 नवंबर को उषा अर्घ्य और पारण के साथ संपन्न होगी. ऐसे में जो लोग अब तक घर नहीं पहुंच पाए हैं, उनके लिए आज का दिन काफी अहम है. त्योहार के मौके पर यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का इंतजाम किया है, वहीं बिहार सरकार ने अंतरराज्यीय बस सेवाएं भी शुरू की हैं. इसके बावजूद कई रूट पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
छठ के लिए बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ लगातार बनी हुई है. अधिकतर प्रमुख ट्रेनों में टिकट बुकिंग रिग्रेट हो चुकी है, वहीं अन्य ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट इतनी लंबी है कि टिकट कंफर्म होने का कोई चांस नहीं. सूरत से बिहार जाने वाले यात्रियों की भी भारी भीड़ देखी गई है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, उधना स्टेशन से बिहार के जयनगर जाने वाली ट्रेनों के लिए एक दिन में 37,698 टिकट खरीदे गए. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि छठ के दौरान घर लौटने के लिए लोगों में कितनी बेचैनी है.
रेलवे ने भीड़ को देखते हुए देशभर में अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक, बिहार और आसपास के इलाकों के लिए 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है. वहीं दक्षिण मध्य रेलवे नवंबर में करीब 400 स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी में है. इन ट्रेनों से पटना, दरभंगा, छपरा, मुजफ्फरपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और हावड़ा जैसे शहरों तक पहुंचना आसान होगा.
दिल्ली और बिहार के बीच यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने कुछ अतिरिक्त सेवाओं की व्यवस्था की है. मुजफ्फरपुर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी. ट्रेन नंबर 05281 मुजफ्फरपुर से 18 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन नंबर 05282 आनंद विहार से 19 नवंबर को सुबह 7 बजे चलेगी और 21 नवंबर को सुबह 4:50 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी.
रास्ते में यह गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर और मुरादाबाद से होकर गुजरेगी. इसके अलावा रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन भी बढ़ाया गया है. ट्रेन नंबर 05080 रामनगर से 28 नवंबर को एक अतिरिक्त फेरा लगाएगी. वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 05079 पाटलिपुत्र से 29 नवंबर को चलेगी. यह ट्रेन गोरखपुर होकर गुजरेगी. रेलवे की कोशिश है कि त्योहार के बाद भी यात्रियों को वापसी के लिए पर्याप्त ट्रेनें मिल सकें.
ट्रेन में सीट नहीं मिलने के कारण कई यात्री हवाई सफर का विकल्प तलाश रहे हैं. लेकिन छठ के मौके पर पटना जाने वाली फ्लाइट का किराया भी काफी बढ़ गया है. MakeMyTrip के जरिए फ्लाइट बुक करने में कुछ रूट पर टिकट की कीमत 44 हजार रुपये से भी ज्यादा पहुंच गई थी. दिल्ली से पटना के लिए सबसे कम उपलब्ध किराया 15,367 रुपये है. यह स्पाइसजेट की नॉन-स्टॉप फ्लाइट का किराया है. वहीं इस रूट पर सबसे महंगा टिकट 30,385 रुपये का दिख रहा.
मुंबई से पटना जाने के लिए सबसे कम किराया 18,401 रुपये से शुरू है. हालांकि, यह दिल्ली में एक स्टॉप वाली फ्लाइट का किराया है. नॉन-स्टॉप फ्लाइट के लिए यात्रियों को कम से कम 22,913 रुपये खर्च करने पड़ने पड़ेंगे. पुणे से पटना के लिए सबसे कम किराया 14,247 रुपये और सबसे ज्यादा 27,490 रुपये दिखा रहा है. बेंगलुरु से पटना के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 16,260 रुपये है, जबकि सबसे महंगा किराया 36,244 रुपये तक पहुंच गया है. चेन्नई से पटना जाने के लिए सबसे कम किराया 17,505 रुपये, वहीं सबसे महंगा टिकट 41,282 रुपये का दिख रहा है.
अहमदाबाद से पटना के लिए शुरुआती किराया 20,183 रुपये और सबसे ज्यादा 34,120 रुपये शो कर रहा. लखनऊ से पटना का हवाई सफर भी काफी महंगा है. इस रूट पर सबसे कम उपलब्ध किराया 21,452 रुपये, जबकि सबसे महंगा टिकट 44,625 रुपये तक पहुंच गया है. इस रूट पर सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं है. ध्यान देने वाली बात यह है कि ये किराये 13 नवंबर को विभिन्न ट्रैवल वेबसाइट पर दिखाई दे रहे उपलब्ध विकल्पों के आधार पर हैं. फ्लाइट की सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के समय के हिसाब से किराये बदल सकते हैं.
ट्रेन और फ्लाइट के अलावा बसों से घर लौटने वाले यात्रियों के लिए भी राहत की व्यवस्था की गई है. छठ से पहले दिल्ली और बिहार सरकार ने मिलकर 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की हैं. इन बसों का संचालन दिल्ली के आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के पांच डिवीजनों के लिए किया जा रहा है. इनमें मुजफ्फरपुर के लिए 36, पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया के लिए 10 और दरभंगा के लिए 6 बसें शामिल हैं.
इन बसों में एसी और नॉन-एसी के साथ स्लीपर और सीटर की सुविधा भी है. यात्रियों को बस की श्रेणी और रूट के हिसाब से 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की किराये में छूट दी जा रही है. दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह के मुताबिक, इस पहल का मकसद बिहार और पूर्वांचल के लोगों को त्योहार के दौरान सुरक्षित और किफायती सफर उपलब्ध कराना है.
छठ के मौके पर रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भीड़ को संभालना भी बड़ी चुनौती है. दिल्ली के आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी आवाजाही को देखते हुए होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं. यहां यात्रियों के लिए टिकट काउंटर, शौचालय, खानपान की दुकानें, हेल्प डेस्क और अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. वाराणसी, हावड़ा और दूसरे प्रमुख स्टेशनों पर भी यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
हावड़ा स्टेशन पर आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों की टीमें लगातार भीड़ पर नजर रख रही हैं. यात्रियों की मदद के लिए मेडिकल बूथ भी बनाया गया है. रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों और एआई आधारित निगरानी के जरिए भीड़ पर नजर रखी जा रही है. दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ के 2,040 जवान तैनात किए गए हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन की स्थिति, प्लेटफॉर्म और समय की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से ही लें. छठ के मौके पर रेलवे की कोशिश सिर्फ अतिरिक्त ट्रेनें चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित तरीके से स्टेशन तक पहुंचाने और उनकी बोर्डिंग को व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है.
मुंबई के प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ कम करने के लिए सेंट्रल रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाई है. इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) जैसे स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग और आवाजाही पर भी अस्थायी पाबंदियां लगाई गई हैं, ताकि यात्रियों के लिए ज्यादा जगह उपलब्ध हो सके. रेलवे ने भीड़ पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों और एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की है. इसका मकसद प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ने से रोकना और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने-उतरने में मदद करना है.
छठ पूजा की शुरुआत के साथ ही बिहार और पूर्वांचल के घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं. नहाय-खाय से शुरू होने वाले इस चार दिवसीय महापर्व में परिवार के सभी सदस्यों का साथ होना खास मायने रखता है. यही वजह है कि लोग लंबी वेटिंग लिस्ट, महंगे हवाई किराये और भीड़भाड़ के बावजूद घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. किसी के लिए ट्रेन का टिकट सबसे बड़ी चिंता है तो किसी के लिए हवाई सफर का बढ़ता खर्च. वहीं बसों का विकल्प भी यात्रियों को राहत दे रहा है. अब सबकी कोशिश यही है कि किसी तरह 13 से 16 नवंबर के बीच होने वाले इस महापर्व में अपने परिवार के साथ शामिल हो सकें.