एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना देने वाला आरोपी गिरफ्तार, शराब के नशे में किया था कॉल

एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया था.

Update: 2026-07-27 05:13 GMT
लखनऊ: सरोजनीनगर थाना पुलिस ने अमौसी एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना देकर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के नशे में डायल-112 पर फोन कर एयरपोर्ट पर बम होने की भ्रामक सूचना दी थी, जिसके बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया था।
पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई 2026 की रात करीब 11:45 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि अमौसी एयरपोर्ट पर बम रखा गया है। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एयरपोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या बम बरामद नहीं हुआ। इसके बाद सूचना को भ्रामक पाया गया।
मामले में उपनिरीक्षक नीशू चौधरी की तहरीर पर सरोजनीनगर थाने में आरोपी कॉलर के खिलाफ एनसीआर संख्या 79/2026 के तहत धारा 212(ए) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस की मदद से कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान की।
जांच में आरोपी की पहचान श्याम सुंदर (35) पुत्र राज किशोर निवासी ग्राम जयसिंहपुर, थाना बिधनू, जनपद कानपुर के रूप में हुई। पुलिस ने 26 जुलाई 2026 को किसानपथ स्थित दरोगाखेड़ा क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पूछताछ में श्याम सुंदर ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है और घटना वाले दिन नशे की हालत में था। इसी दौरान उसने एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना दे दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। श्याम सुंदर एक चमड़ा फैक्ट्री में मजदूरी करता है और 11वीं तक शिक्षित है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अवनीश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक नीशू चौधरी और उपनिरीक्षक मोहित सिंह शामिल रहे।
Tags:    

Similar News