अमेरिका में शुक्रवार दोपहर को देश भर में सभी उड़ानों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया.क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) केंद्रों में कम्युनिकेशन से जुड़े गंभीर तकनीकी खराबी आने के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सभी उड़ानों को ग्राउंड स्टॉप कर दिया.

 FAA ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर बताया कि ये ग्राउंड स्टॉप असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों से लगाया गया है. इस आदेश के बाद अमेरिका के तमाम एयरपोर्ट्स पर विमानों की आवाजाही रुक गई और हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

 अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने बताया कि ये संचार समस्या देश भर के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को प्रभावित कर रही है. ये केंद्र कई एयरपोर्ट्स के बीच उड़ान भरने वाले विमानों को दिशा-निर्देश देते हैं. डफी ने कहा कि FAA के तकनीशियन खराबी की वजह पता लगाने के लिए जांच में जुटे हुए हैं.

US डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के चीफ ने कहा कि फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने देश भर में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स में कम्युनिकेशन फेलियर के बाद सभी फ्लाइट्स पर रोक लगा दी है, इसलिए लोगों को डरने की कोई जरूरत नहीं है.

 सीबीसी न्यूज ने कई सूत्रों के हवाले से बताया है कि अमेरिका में उड़ानों के ठप होने की मुख्य वजह एक तकनीकी अपडेट का विफल होना है. एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को आपस में जोड़ने वाले नेटवर्क का संचालन करने वाली कंपनी L3Harris के सिस्टम में एक अपडेट किया गया था.

इस अपडेट के कारण FAA का टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम रीबूट होने के लिए मजबूर हो गया. लेकिन जैसे ही सिस्टम दोबारा चालू हुआ, वो क्रैश हो गया, जिसके चलते पूरे देश में हवाई सेवाएं बाधित हो गईं.

 अमरीकी उड्डयन इतिहास में इस तरह सभी फ्लाइट्स का ग्राउंडेड हो जाना, एक रेयर केस है. जनवरी 2023 के बाद ये पहली बार है जब पूरे देश में सभी उड़ानों को एक साथ रोका गया है. उस समय FAA के एक मेन कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण ये कदम उठाना पड़ा था.

 बता दें कि अमेरिकी सरकार एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के इस्तेमाल की जाने वाली पुरानी तकनीक को पूरी तरह बदलने पर काम कर रही है. पिछले साल अमेरिकी कांग्रेस ने इस प्रोजेक्ट के लिए 12.5 अरब डॉलर की मंजूरी दी थी. इस फंड से मीलों लंबे पुराने तांबे के तारों को फाइबर ऑप्टिक लाइनों से बदला गया है और देश भर के एयरपोर्ट्स पर पुराने रेडियो सिस्टम को धीरे-धीरे बदला जा रहा है.

  

Tags: