वाराणसी। देव दीपावली से पहले सोमवार को देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी निजी दौरे पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। अनंत अंबानी ने मंदिर में विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की और भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
वाराणसी पहुंचने के बाद अनंत अंबानी सीधे बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे। यहां उन्होंने धार्मिक विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना की। देव दीपावली से पहले उनकी काशी यात्रा चर्चा में रही। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद अनंत अंबानी माता अन्नपूर्णा मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने माता अन्नपूर्णा के दर्शन किए और विशेष कुमकुम पूजा में हिस्सा लिया। उन्होंने माता के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
अनंत अंबानी के वाराणसी आगमन को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी, ताकि उनके दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
गौरतलब है कि वाराणसी भगवान शिव की नगरी के रूप में प्रसिद्ध है। यहां स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंचते हैं। देव दीपावली से पहले अनंत अंबानी की यह धार्मिक यात्रा विशेष चर्चा का विषय बनी। उन्होंने बाबा विश्वनाथ और माता अन्नपूर्णा के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उनका यह दौरा निजी और धार्मिक कार्यक्रम के रूप में रहा।
Tags: