कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विजयादशमी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि देश को कमजोर करने की कोशिश करने वाली ताकतों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से राष्ट्र की एकता और विकास के लिए आगे आने की अपील की।
देशविरोधी ताकतों पर साधा निशाना
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "हमारी एक ही प्रार्थना है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 बने। कुछ ताकतें देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने विरोधी समूहों पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को लोकतांत्रिक तरीके से ऐसी प्रवृत्तियों का मुकाबला करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश में आईआईटी, एम्स, आईआईएम, फ्लाईओवर और बंदरगाहों सहित कई विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने रोजगार, निवेश, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
'रामायण' फिल्म को टैक्स फ्री करने का समर्थन
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में 'रामायण' फिल्म को टैक्स फ्री करने के सवाल पर कहा कि ऐसा होना चाहिए। उन्होंने 'द केरल फाइल्स', 'द कश्मीर फाइल्स' और 'द बंगाल फाइल्स' को भी करमुक्त किए जाने का समर्थन किया।
चोरबागान भगदड़ पर जताया दुख
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ को लेकर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान मृतकों की स्मृति में मौन रखा गया और प्रार्थना की गई। चोरबागान में 17 अक्टूबर को हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की खबर है। मुख्यमंत्री ने 20 अक्टूबर को कुछ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर मुआवजे के चेक भी सौंपे। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने देशवासियों से एकजुट रहने और विकास के प्रयासों में योगदान देने की अपील की।
Tags: