रांची। झारखंड सरकार के मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. इरफान अंसारी की विवादित टिप्पणियों को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार, 6 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंत्री के बयान के विरोध में राज्यव्यापी प्रदर्शन किया। इस दौरान रांची समेत कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। राजधानी रांची में डीपीएस के समीप भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा ने इरफान अंसारी के उस बयान पर आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने 40 लाख युवाओं के सड़कों पर उतरने और राहुल गांधी के एक संकेत का इंतजार करने की बात कही थी। उन्होंने भारत में हालात बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर होने की आशंका भी जताई थी।


मंत्री को बर्खास्त करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंत्री इरफान अंसारी को मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। भाजपा नेता अमर कुमार बाउरी ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपने बयानों में जिम्मेदारी बरतनी चाहिए। उन्होंने मंत्री के बयान को गंभीर बताते हुए सरकार से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने भी मंत्री को पद से हटाने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान से राजनीतिक और सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है।
बयान पर बढ़ा राजनीतिक विवाद
विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। वहीं, इरफान अंसारी ने अपने बयान में कहा था कि युवा, किसान, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और मध्यम वर्ग के लोग मौजूदा व्यवस्था से परेशान हैं। फिलहाल मंत्री के बयान को लेकर झारखंड में राजनीतिक विवाद जारी है। भाजपा ने मुख्यमंत्री से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
Tags: