गरबा खेलने जा रही BJP महिला पार्षद से छेड़छाड़, 3 गिरफ्तार
कार का शीशा तोड़ने की कोशिश, BJP पार्षद ने बुलाई पुलिस
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में भाजपा की महिला पार्षद और उनके परिवार के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। महिला पार्षद अपने परिवार के साथ रास गरबा कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान कार को साइड देने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनकी कार रोककर गाली-गलौज की और महिला पार्षद को जबरन बाहर खींचने की कोशिश की। शिकायत के आधार पर वेजलपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार को साइड देने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना अहमदाबाद के फतेवाड़ी नहर इलाके के पास हुई। महिला पार्षद अपने परिवार के साथ कार से गरबा कार्यक्रम में जा रही थीं। इसी दौरान गाड़ी को रास्ता देने के मुद्दे पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि शोएब शाह फकीर ने कार रुकवाकर महिला पार्षद और उनके परिवार से अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान आसपास मौजूद लोग भी वहां इकट्ठा हो गए। कुछ देर बाद परिवार वहां से आगे बढ़ गया, लेकिन आरोपियों ने सरखेज के पास दोबारा उनकी कार रोक ली।
महिला पार्षद को कार से खींचने की कोशिश
एसीपी एबी वालंद के मुताबिक, महिला पार्षद के बेटे ने कार को साइड देने को लेकर बातचीत की थी। आरोप है कि इसी बात पर शोएब शाह फकीर ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, दूसरी बार कार रोकने के दौरान आरोपी के साथ उसकी सास और दो अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे थे। महिला पार्षद ने स्थिति शांत कराने के लिए कार का शीशा नीचे किया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने उनका हाथ पकड़कर कार से बाहर खींचने का प्रयास किया। महिला पार्षद ने तुरंत शीशा बंद कर लिया, लेकिन आरोपियों ने कार का दरवाजा खोलने और शीशा तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान कार का साइड मिरर क्षतिग्रस्त हो गया।
घबराए परिवार ने 112 पर मांगी मदद
घटना से महिला पार्षद और उनका परिवार घबरा गया। उन्होंने आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। महिला पार्षद की शिकायत पर वेजलपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
एसीपी एबी वालंद ने बताया कि मामले में शोएब शाह फकीर को नामजद करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल घटना में शामिल लोगों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।