CM योगी का बड़ा बयान, बोले- अराजकता फैलाने वालों की होगी रावण जैसी दुर्गति,
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के अवसर पर गोरखपुर के रामलीला मैदान में आयोजित दशहरा समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित पर जोर देते हुए अराजकता फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अराजकता फैलाएगा, उसकी रावण जैसी दुर्गति होगी।
सनातन के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को चेतावनी
सीएम योगी ने कहा, "जो सनातन के खिलाफ, भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करेगा, वह भी रावण की तरह धराशायी होगा। उन्होंने कहा कि रामलीलाएं आज भी समाज के सामने समता और एकता का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दुनिया के कई हिस्सों में एक ही धर्म और विचारधारा के लोगों के बीच संघर्ष हो रहा है, जबकि भारत सनातन संस्कृति की छाया में सभी जातियों, संप्रदायों और मतों को सुरक्षा तथा विकास के अवसर प्रदान कर रहा है।
कालनेमि का उदाहरण देकर कही बड़ी बात
योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम और हनुमान से जुड़ी पौराणिक कथा का उल्लेख करते हुए कहा, "राम-राम कालनेमि भी करता था। बजरंगबली की तरह आपको भी पहचानने की सामर्थ्य होनी चाहिए कि कौन सही है और कौन गलत। उन्होंने लोगों से धार्मिक ग्रंथों और महापुरुषों की जीवनियां पढ़ने की अपील की।
रामराज्य के लिए एकजुट होने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के विकास और राष्ट्र की एकता में बाधा बनने वाली शक्तियों का मजबूती से विरोध करना आवश्यक है। उन्होंने कहा, "दुराचारी कितना भी बड़ा और ताकतवर क्यों न हो, उसको नष्ट होना ही होना है। यही कार्य प्रभु श्रीराम ने किया था। मुख्यमंत्री योगी ने विजयादशमी को सत्य, न्याय और धर्म की विजय का प्रतीक बताते हुए समाज में एकता बनाए रखने का संदेश दिया।