Jharkhand Bandh: छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद बढ़ा आक्रोश, आज झारखंड बंद
गरमाई झारखंड की राजनीति.
रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र पिछले 18 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं. सरकार और छात्रों के बीच अभी तक कोई सहमति नहीं बन पाई है. सोमवार को छात्रों ने विधानसभा का घेराव किया था. इस दौरान उन्होंने 7 बैरिकेड पार कर विधानसभा के पास पहुंचने की कोशिश की. छात्रों पर लाठीचार्ज भी हुआ. इसके खिलाफ भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का ऐलान किया है.
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाया और आंसू गैस के गोले छोड़े. शाम को पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज भी किया. बताया जा रहा है कि 20 से ज्यादा छात्र घायल हुए हैं, जबकि दो छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया.
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन शाम होते ही पुलिस ने इलाके को छावनी में बदल दिया. उन्होंने दावा किया कि कई छात्रों को हिरासत में लिया गया और कुछ के साथ मारपीट भी हुई. उनका कहना है कि अब यह आंदोलन सिर्फ छात्रों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जन आंदोलन बन गया है.
लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने आज रांची बंद का ऐलान किया है. वहीं, प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ी की CBI जांच हो. राज्य सरकार मामले की CID जांच करा रही है और जांच ED को भी सौंपी गई है. हालांकि, CBI जांच की मांग पर अभी सहमति नहीं बनी है.
सोमवार को झारखंड CID ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांगते को गिरफ्तार किया. वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की अपील की. उन्होंने भाजपा पर इस मुद्दे का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया.