प्रभु प्लाजा के बेसमेंट में भड़की आग, दुकानों के शटर खोलकर बुझाई गई लपटें
कपड़ों के बाजार में आग से मची अफरा-तफरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर स्थित प्रभु प्लाजा बिल्डिंग में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बिल्डिंग के निचले बेसमेंट में लगी थी, जहां कपड़ों का बाजार संचालित होता है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल की पांच गाड़ियों की मदद से करीब आधे घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने बताया कि प्रभु प्लाजा में आग लगने की सूचना मिलने के बाद तत्काल दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया गया। मौके पर कुल पांच दमकल गाड़ियां मौजूद रहीं। आग बिल्डिंग के लोवर बेसमेंट में लगी थी, जहां कपड़ों का बाजार है।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दुकानों के शटर खोले गए और अंदर तक पहुंचकर पानी की मदद से आग बुझाई गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई शुरू की और करीब आधे घंटे के भीतर आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। सीएफओ के मुताबिक, आग बुझाने के बाद स्थिति का जायजा लिया गया। फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद दुकानों को भी खोला गया। प्रभु प्लाजा में आग लगने की घटना से आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल रही। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।