दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में आग लगने की दो घटनाओं में कई दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। बिशनपुर थाना क्षेत्र के हरिश्चंद्र गांव और कुशेश्वरस्थान बाजार में हुई अगलगी से कुल करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हरिश्चंद्र गांव में पांच लोग झुलस गए। इनमें शामिल रमेश शाह का आग से बचने के लिए छत से कूदने पर पैर भी टूट गया। घायलों को दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है। पहली घटना हरिश्चंद्र गांव में हुई। यहां जगदीश शाह की मोबाइल मिल, ई-रिक्शा एजेंसी और हीरो पार्ट्स की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटें फैल गईं और दुकानों में रखा सामान आग की चपेट में आ गया। इस घटना में जगदीश शाह, सर्वोपरि देवी, नंदन शाह, रमेश शाह और चांदनी देवी झुलस गए।
बताया गया कि आग के बीच फंसे रमेश शाह ने अपनी जान बचाने के लिए छत से नीचे छलांग लगा दी। इससे उनका पैर टूट गया। सभी घायलों को उपचार के लिए DMCH भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना में लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। अगलगी से परिवार की शादी की तैयारियों को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है। जगदीश शाह के बेटे हीरालाल शाह की शादी आगामी 30 नवंबर को होनी थी। इसके लिए खरीदा गया सामान और घर में रखी तैयारियों से जुड़ी चीजें भी जल गईं। कारोबार के नुकसान के साथ शादी का सामान नष्ट होने से परिवार की परेशानी बढ़ गई है।
दूसरी घटना कुशेश्वरस्थान बाजार में हुई। यहां दो फर्नीचर दुकानों और एक मोबाइल दुकान में भीषण आग लग गई। तीनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। इस अगलगी में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, यहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दोनों घटनाओं में आग लगने के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हरिश्चंद्र गांव में लगभग 20 लाख और कुशेश्वरस्थान बाजार में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान बताया गया है। ये शुरुआती अनुमान हैं। जिले में हुई इन घटनाओं से प्रभावित परिवारों और दुकानदारों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। आग किन परिस्थितियों में लगी, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल बिशनपुर की घटना में घायल लोगों का उपचार जारी है।
Tags: