'शेयर्ड टैक्सी' के नाम पर यात्रियों से लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार, लूटा गया मोबाइल फोन और 3,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और आईएसबीटी के बाहर यात्रियों को ले जाने वाली शेयर्ड टैक्सी से लूट करने वाले एक गिरोह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार, लूटा गया मोबाइल फोन और 3,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी से लूट के चार मामलों का खुलासा हुआ है। इसके अलावा, एक दर्जन से अधिक अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 2 नवंबर को एक यात्री ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह आनंद विहार आईएसबीटी के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक टैक्सी चालक ने उसे शेयर्ड टैक्सी से कापसहेड़ा बॉर्डर तक छोड़ने का प्रस्ताव दिया। यात्री उसके झांसे में आकर गाड़ी में बैठ गया। कुछ दूर जाने के बाद चालक और उसके दो साथियों ने यात्री से नकदी और कीमती सामान लूट लिया। आरोपियों ने पीड़ित को डराकर उसके बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 7,000 रुपये भी ट्रांसफर करा लिए। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ के नेतृत्व और एसीपी मधु विहार की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रास्तों के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान आरोपियों के ठिकानों की जानकारी जुटाई गई और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
5 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी खोड़ा कॉलोनी में अपनी टैक्सी के साथ आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी की। रात 11:45 बजे वीर सिंह, किशनपाल और विजय उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर चौथे आरोपी विकास उर्फ कालिया को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीर सिंह (35), किशनपाल (37), विजय उर्फ मोनू (40) और विकास उर्फ कालिया (31) के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, विजय पहले भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के बाहर यात्रियों को साझा सवारी का लालच देते थे। गाड़ी में बैठाने के बाद उनसे नकदी, मोबाइल और अन्य सामान लूट लेते थे। कई मामलों में पीड़ितों से जबरन यूपीआई के जरिए पैसे भी ट्रांसफर कराए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, इस रकम को पेट्रोल पंप और सीएनजी स्टेशनों के माध्यम से नकदी में बदलने की बात भी सामने आई है।