सांकेतिक तस्वीर
नई दिल्ली: अरुणाचल प्रदेश में बॉर्डर पेट्रोलिंग पर टकराव को लेकर चीन का पहला बयान आया है. चीन ने कहा है कि वो दोनों देशों के बीच बॉर्डर पेट्रोलिंग को लेकर हुए समझौते का पालन करता है, और बॉर्डर क्षेत्रों पर सामान्य पेट्रोलिंग करता है. चीन ने कहा है कि हमारी पेट्रोलिंग सामान्य होती है. चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से ये बयान तब आया है जब भारत ने कहा था कि चीन की ओर से पेट्रोलिंग के तय तौर-तरीकों का पालन नहीं करने पर LAC पर स्थितियां बिगड़ती हैं.
शुक्रवार को ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर ने कहा था कि अरुणाचल प्रदेश में LAC पर अभी भी भारत-चीन सैनिकों के बीच टकराव की नौबत है. ऐसी नौबत जुलाई महीने में भी आई थी. इसके बाद भारत ने कहा था कि चीन जब पेट्रोलिंग के लिए दोनों देशों के बीच सहमत तौर तरीकों का पालन नहीं करता है तो दोनों देशों के बीच LAC पर हालात बिगड़ते हैं.
अब चीन के विदेश मंत्रालय ने इस पर जवाब दिया है. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को कहा कि, 'चीन ने दोनों देशों के बीच हुए समझौतों और महत्वपूर्ण सहमतियों का लगातार और सख्ती से पालन किया है. उन्होंने बताया कि चीन अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता और सीमा पर स्थिरता बनाए रखने के लिए सीमावर्ती इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग और प्रबंधन का काम करता है.'
गुओ ने कहा कि चीन और भारत राजनयिक और सैन्य माध्यमों से एक-दूसरे के संपर्क में हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि 'भारत भी इसी दिशा में काम करेगा, ताकि दोनों पक्षों के बीच बनी सहमतियों को मिलकर लागू किया जा सके और सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जा सके. '
Tags: