Patlikuhal. पतलीकूहल। कुल्लू फल उत्पादक मंडल द्वारा बागवानों को नई तकनीकों, बेहतर उत्पादन और गुणवत्तापूर्ण सेब उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सितंबर माह में विशाल ऐपल शो का आयोजन किया जाएगा। मंडल की मासिक बैठक में इस आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल के प्रधान प्रेम शर्मा ने की। बैठक में क्षेत्र के 35 सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया और बागवानी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कुल्लू घाटी की पहचान देश और दुनिया में सेब उत्पादन के लिए है। यहां के हजारों परिवारों की आजीविका प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बागवानी पर निर्भर है। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण सेब उत्पादन को बढ़ावा देने और बागवानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पैदा करने के लिए ‘ऐपल शो’ का आयोजन किया जा रहा है। मंडल का मानना है कि इस तरह के आयोजन बागवानों को अपनी मेहनत और उत्पादन क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। ‘ऐपल शो’ में विभिन्न किस्मों के सेबों को प्रदर्शित किया जाएगा। बेहतर रंग, आकार, गुणवत्ता और उत्पादन तकनीक के आधार पर तैयार किए गए सेबों को आयोजन में विशेष रूप से प्रदर्शित करने की योजना है। इसके माध्यम से बागवान एक-दूसरे के बगीचों में अपनाई जा रही तकनीकों और उत्पादन पद्धतियों से भी सीख सकेंगे। मंडल का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता करवाना नहीं, बल्कि बागवानों के बीच ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान करना भी है। फल उत्पादक मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार, बदलते मौसम और नई चुनौतियों के बीच बागवानों के लिए उत्पादन की गुणवत्ता बनाए रखना बेहद जरूरी हो गया है। बाजार में गुणवत्ता वाले सेब की मांग बढ़ रही है।